Today Breaking News

गाजीपुर: मोदी को रोकने के लिए भ्रष्टाचारी हुए एक

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर मुहम्मदाबाद लोकसभा चुनाव केवल देश का प्रधानमंत्री चुनने के लिए नहीं बल्कि भारत को एक बार फिर विश्व गुरु बनाने का चुनाव है। आज मोदी को रोकने के लिए सभी भ्रष्टाचारी एक हो गए हैं । उक्त बातें प्रदेश के उप मुख्यमंत्री व लोकनिर्माण मंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मंगलवार को बलिया संसदीय क्षेत्र के नोनहरा में भाजपा प्रत्याशी वीरेंद्र सिंह मस्त के समर्थन में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कही। इतना ही नहीं उन्होंने वीरेंद्र सिंह मस्त को जीत दिलाने के लिए लोगों से हाथ उठवाकर हांमी भी भरवाया।

कहा कि 10 वर्ष तक सपा और बसपा के समर्थन से कांग्रेस ने मनमोहन सिंह सरकार चलाया। इसमें 12 लाख करोड़ का घोटाला था। दोनों में यह समझौता था कि हम देश लूटेंगे और सपा बसपा दोनों उत्तर प्रदेश को बारी बारी से लूटे। कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र की सरकार ने जितना काम पांच वर्ष के अंदर किया है उतना काम 55 वर्षो में भी नहीं हुआ है। आने वाला पांच वर्ष 100 वर्ष की बराबरी करेगा। कहा कि मोदी जी के मुकाबले में दुनिया में कोई नेता आज नहीं है। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि आज कांग्रेस पार्टी के नेता भ्रष्टाचार में वेल पर चल रहे हैं कब जेल चले जाएगें कोई जानता नहीं। कहा कि आज जनता समझ रही है कि एक ईमानदार के पीछे सारे बेईमान क्यों लग गए हैं। आज जनता खुद भाजपा का चुनाव अपने हाथ में ले ली है। 

कहा कि जनता को फैसला करना है कि मजबूर नहीं, मजबूत सरकार चाहिए। इस दौरान उन्होंने सर्जिकल व एयर स्ट्राइक की कार्रवाई की याद दिलाया। चुटकी लेते हुए कहा कि विकास के लिए लक्ष्मी जी चाहिए जो साइकिल व हाथी पर नहीं कमल पर बैठकर आती हैं। कहा कि भरोसे से कह रहा हूं कि 23 मई सपा-बसपा गई। उन्होंने मौजूद लोगों से चुनाव में लग कर 80 प्रतिशत से अधिक मतदान करने का आह्वान किया। चुनावी सभा को मंत्री उपेंद्र तिवारी, विधायक अलका राय, वाराणसी के पूर्व मेयर कौशलेंद्र सिंह, जितेंद्र पांडेय, वीरेंद्र राय, मंगला यादव, आनंद राय मुन्ना, सुरेंद्र सिंह चंचल आदि ने भी संबोधित किया। संचालन रामजी गिरि ने किया।
'