Today Breaking News

गाजीपुर: अब महेंद्र पांडेय की बारी, करीबी योगेश, कमलेश बने नेहरू युवा केंद्र के सदस्य

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर भाजपा में प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री डॉ.महेंद्र नाथ पांडेय के गाजीपुर के करीबी कार्यकर्ताओं के दिन बहुरते दिखने लगे हैं। करीब पांच साल से उपेक्षा झेल रहे इन कार्यकर्ताओं की अब पूछ बढ़ेगी। इनमें दो कार्यकर्ता नेहरू युवा केंद्र के सदस्य बनाए गए हैं। भाजयुमो के पूर्व प्रदेश मंत्री योगेश सिंह और पूर्व जिला मीडिया प्रभारी कमलेश प्रकाश सिंह को यह मौका मिला है। यह दोनोंजन गाजीपुर में पार्टी की मुख्यधारा से दूर थे या कर दिए गए थे। यहां तक कि पार्टी संगठन की बैठकों में भी वह नहीं दिखते थे। 

चुनाव अभियानों में उन्हें कोई दायित्व दिए नहीं जाते थे या वह दायित्व खुद लेते नहीं थे। सपा राज में कमलेश प्रकाश सिंह बेकसूर होने के बाद भी पुलिस ज्यादती के शिकार हुए थे। उनको अकारण कई माह तक जेल में रहना पड़ा था। बावजूद पार्टी संगठन ने उनकी कोई मदद नहीं की थी। अलबत्ता, डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय के अन्य करीबी उनके पक्ष में आगे आए थे, लेकिन उसके एवज में उनको पुलिस की लाठियां और जेल की सजा भुगतनी पड़ी थी। बावजूद, पार्टी संगठन के स्तर से उन्हें अपेक्षित मदद नहीं मिली थी।

पार्टी संगठन पर नजर रखने वालों की मानी जाए तो योगेश सिंह और कमलेश प्रकाश सिंह की नेहरू युवा केंद्र में बहैसियत सदस्य तैनाती शुरुआत भर है। कोई हैरानी नहीं कि संगठनात्मक चुनाव में भी पांडेय गुट असरदार भूमिका निभाए। मालूम हो कि डॉ.महेंद्र नाथ पांडेय का यह गृह जिला है। वह सादात ब्लाक की ग्राम पंचायत मिर्जापुर के फक्कनपुर गांव के रहने वाले हैं। बहरहाल, योगेश सिंह और कमलेश प्रकाश सिंह को नेहरू युवा केंद्र का सदस्य बनाए जाने से कार्यकर्ता उत्साहित और खुश हैं। 

काशी क्षेत्र के पार्टी उपाध्यक्ष कृष्ण बिहारी राय ने सबसे पहले कमलेश प्रकाश सिंह को फोन कर बधाई दी। उनके अलावा भाजपा के प्रदेश मंत्री रामतेज पांडेय, पूर्व जिलाध्यक्ष विजय शंकर राय व बृजेंद्र राय, विधायक द्वय डॉ. संगीता बलवंत तथा सुनीता सिंह, विद्यार्थी परिषद के मंत्री सुधांशु शेखर सिंह, विभाग संयोजक कामदेश्वर सिंह, संगठन मंत्री अमित देव आदि ने भी योगेश सिंह व कमलेश प्रकाश सिंह की नेहरू युवा केंद्र के सदस्य बनाए जाने पर खुशी जताई है।
'