Today Breaking News

गाजीपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की हर नीति और कार्यक्रम सार्थकः राज ठाकुर

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर जिला सहकारी बैंक के पूर्व चेयरमैन अरुण सिंह की नामौजूदगी में उनकी सियासी विरासत संभाल रहे बेटे राज ठाकुर का दावा है कि योगी आदित्यनाथ जैसा कोई भी मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश को अब तक नहीं मिला था। उनकी हर नीति, कार्यक्रम जनता के लिए सार्थक साबित हो रहे हैं।

अपने इस दावे को और पोख्ता करने के लिए राज ठाकुर ने कहा कि संचारी रोगों को लेकर समय से पहले मुख्यमंत्री की तैयारी और जागरूकता अभियान का ही परिणाम है कि अब तक कहीं से असहज करने वाली खबरें नहीं मिली हैं। फिर पौधरोपण को सरकारी और औपचारिक कार्यक्रम बनाने के बजाय मुख्यमंत्री ने जनसरोकार से जोड़ कर हर किसी को जागरूक होने के लिए प्रेरित किया है। मुख्यमंत्री के इन दोनों अभियानों को जमीन पर आगे बढ़ाने में राज ठाकुर पूरे दमखम से जुट गए हैं। वह अपनी अगुवाई वाली युवा सर्वदलीय संघर्ष समिति का पूरा इस्तेमाल कर रहे हैं।

राज ठाकुर ने इसकी शुरुआत अपने पैतृक गांव नारी-पचदेवरा स्थित खुद के परिवार के प्रबंधन वाले मां दुर्गा इंटर कॉलेज परिसर से की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि संचारी रोगों पर नियंत्रण करना इतने भर से नहीं होगा कि सरकारी अस्पतालों में दवा उपलब्ध करा दी जाए, बल्कि लोगों को जागरूक किया जाए कि संचारी रोग खासकर दिमागी रोग से बचने के लिए क्या एहतियात बरतना जरूरी है। यही वजह है कि मुख्यमंत्री योगी संचारी रोगों को लेकर पूरे प्रदेश में इस पूरे माह जागरूकता अभियान चलवा रहे हैं। उनके इस अभियान को लेकर आमजन में उत्सुकता भी दिख रही है। इसी तरह पर्यावरण संरक्षण का काम जमीन पर दिखने के लिए मुख्यमंत्री ने पौधरोपण का अभियान शुरू किया है। लोग पौधरोपण को लेकर तत्पर दिखने भी लगे हैं।

राज ठाकुर बताए कि उनका संगठन इस सत्र में एक हजार पौधे रोपने का लक्ष्य बनाया है। यह काम केवल पौधे गिनाने के लिए नहीं होगा, बल्कि उन पौधों को वृक्ष  बनाने का संकल्प है। राज ठाकुर ने बताया कि वह अपने संगठन के कार्यों और उपलब्धियों से अवगत कराने के लिए वह जल्द ही लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भेंट करेंगे। उस मौके पर वह गाजीपुर की प्रमुख जनसमस्याओं के निराकरण का भी मुख्यमंत्री से आग्रह करेंगे। मालूम हो कि राज ठाकुर के पिता अरुण सिंह एक हत्या के मामले में इन दिनों नैनी जेल में निरुद्ध हैं। राज ठाकुर का कहना है कि आमजन के सवालों को लेकर बराबर संघर्षशील रहने वाले उनके पिता को गहरी राजनीतिक साजिश के तहत हत्या में उन्हें झूठा फंसाया गया लेकिन उन्हें अदालत से इंसाफ की पूरी उम्मीद है।
'