Today Breaking News

गाजीपुर: सपा की तैयारी जोरदार, हर विधानसभा क्षेत्र में पहुंचेंगे पार्टी मुखिया!

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर लोकसभा चुनाव में मनमाफिक नतीजे नहीं मिलने से सपा में हताशा की बात कहने वाले विरोधियों के लिए चौंकाने वाली खबर आ रही है। सपा जनसवालों को लेकर सरकार को घेरने के लिए जनता के बीच दमदारी के साथ उतरने की तैयारी में है। हालांकि अभी इसकी आधिकारिक घोषणा पार्टी ने नहीं की है, लेकिन पार्टी में ऊपर के सूत्रों की मानी जाए तो इसकी रूपरेखा को लेकर अंदरखाने बात शुरू हो गई है। उम्मीद जताई जा रही है कि खुद पार्टी मुखिया अखिलेश यादव सड़क पर उतरेंगे। वह प्रदेश के सभी ४०३ विधानसभा क्षेत्रों में पहुचेंगे। उनका यह दौरा सड़क मार्ग के जरिये होगा। कोशिश ज्यादा से ज्यादा लोगों से सीधे संवाद की होगी। इस कार्यक्रम की तैयारियों को विधानसभा के चल रहे सत्र के बाद अंतिम रूप दिया जा सकता है।

हालांकि इस संबंध में पार्टी जिलाध्यक्ष डॉ.नन्हकू यादव से चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि फिलहाल ऊपर से ऐसा कोई निर्देश नहीं मिला है, लेकिन उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष की जनसंघर्षों की प्रवृत्ति के लिहाज से देखा जाए तो उनसे ऐसे कार्यक्रम संभव हैं। उधर पार्टी के पूर्व सांसद राधेमोहन सिंह ने कहा कि आज प्रदेश के जो हालात हैं और जिस तरीके से जनाक्रोश बढ़ रहा है, उस दशा में समाजवादी चुप नहीं बैठ सकते। इतिहास गवाह है कि जनसवालों को लेकर समाजवादी गोली-लाठी खाने से पीछे नहीं हटे हैं। सोनभद्र और संभल की घटनाओं ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि प्रदेश में भाजपा की हुकूमत में कुछ भी ठीक नहीं चल रहा है। कानून-व्यवस्था रसातल में चली गई है।

पार्टी के युवा नेता डॉ.समीर सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार की नीति-रीति से सबसे ज्यादा गुस्से में नौजवान हैं। वह खुद को ठगा महसूस कर रहे हैं। शिक्षक भर्ती के लिए सरकार की नीति ऐसी है कि उसके पात्र युवक  मनरेगा मजदूर की श्रेणी से ऊपर के नहीं हों। शायद यही वजह है कि युवा वर्ग को सपा से उम्मीद है। वह जानते हैं कि सपा झूठ नहीं बोलती। सपा युवा वर्ग के लिए फिक्रमंद रहती है। सपा जब भी सत्ता में रही है, युवा वर्ग के लिए रोजगार मुहैया कराने का काम की है। यहां तक कि बेरोजगारी भत्ता दी है। छात्रों को लैपटॉप तक बांटी है।
'