Today Breaking News

गाजीपुर: बदायूं के पूर्व सांसद ने भाजपा सरकार को घेरा

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर देवकली स्वतंत्रता संग्राम सेनानी व पूर्व ब्लाक प्रमुख रामधारी पहलवान की 13वीं पुण्यतिथि सोमवार को हनुमान सिंह महाविद्यालय देवकली में मनाई गई। उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किया गया। मुख्य अतिथि बदायूं के पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में बेरोजगारी व महंगाई चरम सीमा पर है। गलत नीतियों के कारण आमजन परेशान है। प्राइवेट नौकरियां भी समाप्त हो रही हैं। प्रदेश की कानून व्यवस्था ध्वस्त हो गई है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि हत्या, लूट व अपहरण की घटनाएं बढ़ गई हैं। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं को फर्जी मुकदमा में फंसाया जा रहा है। आजम खां पर 84 मुकदमे दर्ज कराए गए हैं। पूर्ववर्ती सपा सरकार में 21 महीने में 300 किमी हाइवे बना। भाजपा सरकार गाजीपुर हाइवे आज तक नहीं बना सकी। पूर्वांचल के नौजवानों ने आजादी से लेकर सत्ता परिवर्तन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। मंगलवार से पूरे प्रदेश के तहसील मुख्यालयों पर जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। कार्यकर्ता अभी से चुनाव की तैयारी में जुट जाएं। ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि सच्चेलाल यादव ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानी रामधारी पहलवान ने स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन करते हुए नंदगंज थाने पर लूटपाट करते हुए गोलियां खाईं। 

साथ ही साथ 40 वर्ष तक लगातार देवकली ब्लाक के ब्लाक प्रमुख रहे। मुख्य अतिथि को गदा, मुकुट, स्मृति चिह्न व अंगवस्त्रम भेंटकर सम्मानित किया गया। विजयलाल यादव व रजनीगंधा ने लोकगीत प्रस्तुत किया। पूर्व मंत्री ओमप्रकाश सिंह, विधान परिषद सदस्य विजय यादव, विधायक वीरेंद्र यादव, पूर्व सांसद जगदीश कुशवाहा, पूर्व सासंद राधेमोहन सिंह, कन्हैया यादव, राजेश कुशवाहा, छोटेलाल यादव, सत्येंद्र यादव सत्या, राममूरत यादव, दिनेश सरकार, काशी नाथ यादव, सुदर्शन यादव आदि थे। अध्यक्षता सोनू पहलवान ने की।

'