Today Breaking News

गाजीपुर: गंगा में फिर तेजी से बढ़ाव शुरू, लाल निशान छुने को गंगा बेताब

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर गंगा एक बार फिर उफनने लगी है। जिला मुख्यालय पर शनिवार की सुबह आठ बजे जलस्तर 62.57 मीटर तक पहुंच चुका था। जलस्तर बढ़ने की रफ्तार प्रति घंटा चार सेंटी मीटर है। सिंचाई विभाग (बाढ़) के एक्सईएन राजेश शर्मा की मानी जाए तो फिलहाल हालात ठीक नहीं लग रहे हैं। हैरानी नहीं कि जलस्तर खतरे के निशान को पार कर जाए। जिला मुख्यालय पर केंद्रीय जल आयोग के गेज पर खतरा का लाल निशान 63.10 मीटर पर है।

इं शर्मा ने शुक्रवार की देर शाम प्रयागराज से मिली खबर के हवाले से बताया कि वहां गंगा और यमुना में बढ़ाव जारी है। कारण के सवाल पर उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश में भारी बारिश से केन और बेतवा नदी उफन रही है और उसके पानी का दबाव यमुना पर है। यमुना के जरिये गंगा में बाढ़ की नौबत आई है। फिर माताटीला बांध से 4.14 लाख क्यूसेक और बरियारपुर बांध से 1.72 लाख क्यूसेक पानी फिर छोड़ा गया है। इस दशा में गाजीपुर में हाल-फिलहाल गंगा में जलस्तर में जारी वृद्धि पर विराम लगने की गुंजाइश नहीं लगती।

मालूम हो कि पिछले माह बढ़े जलस्तर से गंगा का पेटा पहले से ही भरा हुआ है और अब फिर बाढ़ से तय है कि गंगा का पानी तटीय इलाकों में पसरेगा। तटीय इलाके के लोग चिंतित हो गए हैं। गंगा बाढ़ से प्रभावित जमानियां तहसील के एसडीएम रमेश मौर्य ने डीएम के बालाजी के आदेश के हवाले से बताया कि बाढ़ को लेकर जमानियां तहसील में प्रशासन अलर्ट है। वह खुद और संबंधित अधिकारी चक्रमण कर स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। पिछले माह आई बाढ़ के वक्त से ही गंगा में यात्री नावों के परिचालन पर रोक है। बाढ़ चौकियों को भी सक्रिय कर दिया गया है।
'