Today Breaking News

गाजीपुर: हर्षोल्लास से मना गोवर्धन पूजा एवं भैया दूज का पर्व

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर दीपावली के बाद जिले में गोवर्धन पूजा का पर्व दो दिन पूरे हर्षोंल्लास से मनाया गया। कुछ क्षेत्रों में सोमवार को तो कुछ जगहों पर मंगलवार गोवर्धन पूजा की धूम रही। इस मौके पर महिलाओं एवं बालिकाओं ने गोबर से गोवर्धन बनाया और उनको सजाकर उनकी पूजा करने के पश्चात मूसल से कूटा । वहीं जिले में भाई-बहन के प्यार का प्रतीक भैया दूज त्योहार पूरे उत्साह से मनाया गया। बहनों ने भाइयों को तिलक कर मिठाई खिलाने के साथ ही उनके दीर्घायु की कामना की । उधर भगवान श्री चित्रगुप्त की कायस्थ समाज ने पूजन-अर्चन किया।

गोवर्धन पूजा को लेकर घरों में सुबह से तैयारियां शुरू हो गईं थीं। श्रद्धालुओं ने गाय के गोबर से घरों में गोवर्धन भगवान को बनाया। सुंदर कलाकृतियों और रंगोली के माध्यम से गोर्वधन पर्वत की आकृति को सजाया गया। विधि-विधान के साथ गोवर्धन पर तील, बताशे, मिठाई आदि रखी और दीपक जलाए गए। वहीं भैया दूज के लिए तमाम बहनें ससुराल से भाइयों के घर पहुंचकर त्योहार को मनाया, जो बहनें ससुराल में थीं वह भी सुबह तैयार होने के बाद लंबा सफर तय करके भाइयों के घर पहुंची। साथ ही भाइयों को तिलक लगाकर उनकी लंबी आयु की कामना की। वहीं भाइयों ने भी बहनों को उपहार के साथ ही रूपए भेंट किए।

101 प्रकार का भोग लगा ठाकुर जी को
मुहम्मदाबाद : इलाकों में गोवर्धन पूजा परंपरागत ढंग से संपन्न हुआ। अधिकतर जगहों पर सोमवार को ही पूजन हुआ। इस अन्नकूट के मौके पर बगेंद में फलाहारी बाबा की ओर से ठाकुर जी भगवान को 101 प्रकार के व्यंजन का भोग लगाया गया। भांवरकोल : गोवर्धन पूजा पर महिलाओं ने परिवार के सदस्यों के लिए सुख समृद्धि की। साथ ही आरोग्यता के साथ लंबी उम्र की कामना से यह पूजा किये जाने की परंपरा प्राचीन काल से चली आ रही है । दुबिहा : महिलाओं ने गोधन बनाकर उनकी पूजा की। पूजन के दौरान मिठाई आदि का प्रसाद चढ़ाया गया।

महिलाओं ने अन्नकूट का किया पूजन
सैदपुर : नगर में जगह-जगह महिलाओं ने एकत्र होकर अन्नकूट का पूजन-अर्चन किया। शादियाबाद : पुरानी बाजार स्थित रामलीला चबूतरे पर काफी संख्या में महिलाओं ने गोवर्धन पूजा कर मन्नत मांगी। अन्य सभी जगहों पर परंपरागत तरीके से गोवर्धन पूजा का आयोजन किया गया। इस दिन गौ माता और गोवर्धन पर्वत की विशेष पूजा-अर्चना की जाती है। गोवर्धन पूजा भगवान कृष्ण की लीला से जुड़ी हुई है । खानपुर : क्षेत्र के अमेहता रामपुर खानपुर आदि दर्जन भर गांवों के कायस्थ परिवारों में चित्रगुप्त पूजा बड़े ही श्रद्धापूर्वक मनाया गया। वहीं भैया दूज पर बहनें भाइयों की पूजा के बाद टीका लगाकर उनकी सुख समृद्धि और दीर्घायु की कामना कर उनसे उपहार प्राप्त किया। दुल्लहपुर : क्षेत्र में जगह-जगह गोवर्धन पूजा की गई।

मां भगवती के मंदिर में लगे छप्पन भोग
रेवतीपुर : गोवर्धन पूजा के मौके पर स्थानीय गांव के मां भगवती के मंदिर में छप्पन प्रकार के भोग लगाए गए। मंदिर परिसर में भक्तों की भीड़ लगी रही। मां के जयकारे के साथ पट खोले गए।

भैया दूज व चित्रगुप्त पूजन संपन्न
मुहम्मदाबाद : नगर सहित ग्रामीण इलाकों में यम द्वितीया के मौके पर भैया दूज व कायस्थ समाज की ओर से चित्रगुप्त महाराज की पूजा की गई। इस मौके पर बहनों ने अपने भाइयों के लंबी उम्र की कामना की। वहीं कायस्थ समाज की ओर से बालापुर स्थित चित्रगुप्त जी के मंदिर में पहुंचकर पूजन अर्चन व दर्शन किया गया। इस मौके पर कलम दवात की पूजा की गई। मान्यता के अनुसार इस पूजन के बाद ही इस समाज के लोग कलम का प्रयोग शुरू करते हैं।

'