Today Breaking News

गाजीपुर: मानदेय न मिलने पर थाने के रसोइया ने की आत्महत्या

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर पिछले दो वर्ष से मानदेय नहीं मिलने से परेशान शादियाबाद थाने के रसोइया तिलाड़ी गांव निवासी दीपक कुमार दुबे (26) ने बुधवार को अपने घर पर फांसी लगाकर जान दे दी। घटना की जानकारी होते ही जिले के अन्य थानों पर तैनात रसोइयों में आक्रोश फैल गया। इधर परिजनों ने भी पुलिस महकमे पर आरोप लगाते हुए नोनहरा पुलिस को तहरीर दी। इसके बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

नोनहरा थाना क्षेत्र के तिलाड़ी गांव निवासी दीपक कुमार दुबे वर्ष 2012 से शादियाबाद थाने में संविदा पर रसोइया के पद पर तैनात थे। परिजनों ने आरोप लगाया कि बीते 2017 के नवंबर माह से मानदेय नहीं मिल रहा था। इससे वे परेशान थे। उन्होंने कई बार पुलिस अधिकारियों से गुहार लगाई। बावजूद मानदेय का भुगतान नहीं हो सका। आर्थिक तंगी से वह टूट गए थे। आजिज आकर थाने से कुछ दिन पूर्व तिलाड़ी गांव स्थित घर आए दीपक ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंदकर सुबह आठ बजे फांसी लगा ली। घटना की जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

पिता भी थाने में पर रसोइयां के पद पर है तैनात
दीपक कुमार दुबे के पिता वशिष्ठ दुबे बिरनो थाने पर रसोइयां के पद पर तैनात हैं। वहीं उनके भाई राजकुमार जंगीपुर थाने में तैनात थे, लेकिन मानदेय नहीं मिलने से उन्होंने कार्य छोड़ दिया। इसके अलावा मृतक के भाई अनिल फिलहाल मरदह थाने में रसोइया का काम कर रहे हैं। मानदेय नहीं मिलने से परिवार की आर्थिक स्थिति काफी खराब है। यही हाल विभिन्न थानों पर तैनात अन्य रसोइयों का भी है, जिन्हें मानदेय नहीं मिल रहा है।

शादियाबाद थाने में रसोइयां के पद पर तैनात दीपक ने अपने घर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों ने दो वर्ष से मानदेय नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।- बृजेश कुमार शुक्ला, थानाध्यक्ष नोनहरा।
'