गाजीपुर: सिद्धपीठ हथियाराम में महाशिवरात्रि पर होगी महानिशा पूजा, जुटेंगे श्रद्धालु
गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर सिद्धपीठ हथियाराम मठ में महाशिवरात्रि के अवसर पर महामंडलेश्वर स्वामी श्री भवानीनन्दन यति जी महाराज के निर्देशन में महानिशा पूजन के साथ ही विशाल भंडारा होगा। महाशिवरात्रि पर होने वाला महारूद्र स्वाहाकर (हरिहरात्मक) का शुभारंभ 20 फरवरी गुरुवार को सुबह 7 बजे से पूजन-अर्चन के साथ होगा। इक्कीस फरवरी शुक्रवार को दोपहर में असंख्य पार्थिव शिवलिंग का निर्माण किया जायेगा और रात में महानिशा पूजा होगी। अगले दिन शनिवार को पार्थिव शिवलिंग का विसर्जन होगा। शिष्य-श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारा का भी आयोजन किया जायेगा।
महामंडलेश्वर स्वामी भवानीनन्दन यति जी महाराज ने महाशिवरात्रि की महत्ता बताते हुए कहा कि फाल्गुन मास की कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी को महाशिवरात्रि दरअसल शिव और शक्ति के मिलन की रात का पर्व है। शिवरात्रि की रात आध्यात्मिक शक्तियां जागृत होती हैं। शास्त्रों में बताया गया है कि इस दिन ज्योतिष उपाय करने से आपकी सभी परेशानियां खत्म हो सकती हैं। महाशिवरात्रि के दिन शुभ काल के दौरान ही महादेव और पार्वती की पूजा की जानी चाहिए तभी इसका फल मिलता है।उन्होंने कहा कि शिवरात्रि का दिन बेहद खास माना जाता है। इस दिन भक्तगण देवाधिदेव भोलेनाथ की पूजा और व्रत करें, तो निश्चित रूप से इच्छित फल की प्राप्ति कर सकते हैं।
