Today Breaking News

कोरोना से जंग में सरकार के साथ कंधे से कंधा मिलाएगी कांग्रेस, प्रियंका ने कार्यकर्ताओं से की अपील

गाजीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ, पूरे विश्व में फैल चुकी कोराना वायरस के खिलाफ जंग में कांग्रेस सरकार से साथ कंधे से कंधा मिलाएगी। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव व उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका वाड्रा ने पार्टी के सभी जिला और शहर अध्यक्षों को पत्र लिखकर निर्देश दिए हैं कि वार्ड और ब्लॉक स्तर पर व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर लोगों से सम्पर्क में रहें। प्रशासन के सहयोग से जरूरतमंद लोगों तक मदद पहुंचाएं। प्रियंका ने कहा है कि संकट की इस घड़ी में राजनीति से आगे बढ़कर सरकार का सहयोग करें। निर्देशों का पालन करें।

प्रियंका वाड्रा ने पत्र में लिखा है कि हमारा देश भी कोरोना वायरस की चपेट में आ गया है। उत्तर प्रदेश में भी कई संक्रमित लोग मिले हैं। ऐसी स्थिति में हमें बहुत सतर्क और जागरूक रहना होगा। प्रियंका ने कार्यकर्ताओं से कहा कि किसी को भी इसके लक्षण दिखते ही उसे इलाज कराने के लिए प्रेरित करें। इसके साथ ही प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को इसकी सूचना दें। पीड़ित व्यक्ति को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद करें। 

प्रियंका वाड्रा ने कहा कि सभी कार्यकर्ता कोविड-19 से पीड़ित व्यक्ति और उसके परिवार को सही जानकारी वाट्सएप से या फिर फोन से उन तक पहुंचाएं। बीमार और बुजुर्ग व्यक्तियों की लिस्ट बनाएं और उनकी खास मदद करें। ऐसी स्थिति में सभी का प्रयास रहना चाहिए कि लोगों तक सही जानकारी पहुंचे और अफवाहों को जनता तक पहुंचने से रोका जाए। 

प्रियंका वाड्रा ने कार्यकर्ताओं से कहा है कि सरकार द्वारा घोषित लॉकडाउन, कर्फ्यू और अन्य निर्देशों का पालन करें और इन्हें लागू करवाने में प्रशासन की मदद करें। उन्होंने कहा कि यह अभूतपूर्व संकट का समय है। ऐसे में हमें अपने स्वार्थों से ऊपर उठकर समाज की भलाई के आगे आना होगा। यह मानवता की सेवा और राष्ट्रभक्ति की सच्ची और सर्वोच्च भावना को जीवन में उतारने का वक्त है। 

'