गाजीपुर: निर्धारित समय के अंदर तैयार हो जाएगा मेडिकल कालेज - मंत्री सुरेश खन्ना
गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर चिकित्सा शिक्षा, वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने शनिवार को निर्माणाधीन मेडिकल का कालेज का निरीक्षण किया। इस दौरान मानचित्र के द्वारा कैंपस में बन रहे विभिन्न भवनों की जानकारी भी ली। साथ ही कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को निर्धारित अवधि तक मानक के अनुरूप भवन पूरा करने के लिए निर्देशित किया।
निर्माणाधीन राजकीय मेडिकल कालेज की जमीनी हकीकत जानने के लिए प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा, वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना का काफिला 12.25 पर आरटीआइ मैदान पहुंचा। इस दौरान बोर्ड पर लगे मानचित्र को देखने के बाद महत्वपूर्ण कार्यो की जानकारी ली। साथ ही बन रहे लैक्चर हाल, हास्टल व अन्य भवनों के निर्माण की गति को भी देखा।
करीब 20 मिनट के अपने निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों व जिलाधिकारी से भी कई बिदुओं पर जानकारी ली। इसके बाद मेडिकल कालेज के अधीन बन रहे 300 बेड के अस्पताल की प्रगति जानने के लिए सीएमओ कार्यालय पहुंचे। जहां भवन निर्माण के लिए चल रहे कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। इसके बाद अधिकारियों संग बैठक करने के लिए रवाना हो गए। इस मौके पर विधायक संगीता बलवंत, सुनीता सिंह, एसपी डा. ओमप्रकाश सिंह, सीएमओ डा. जीसी मौर्या, भाजपा जिलाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह समेत तमाम लोग थे।
जल्द ही दूर होगी डाक्टरों की कमी
मंत्री सुरेश खन्ना ने बताया कि प्रदेश के सात मेडिकल कालेज संचालित हो चुके हैं, जबकि आठ मेडिकल कालेज प्रक्रियाधीन है, जो समय रहते पूरे हो जाएंगे। मेडिकल कालेजों के संचालित होने से डाक्टरों की कमी दूर हो जाएगी। उन्होंने कहा कि कोरोना से बचाव व उपचार के प्रदेश सरकार ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। इससे घबराने की जरूरत नहीं है। जिला अस्पतालों में स्थापित कोरोना वार्ड में पर्याप्त संसाधन मौजूद है।
