Today Breaking News

LockDown: अभिभावकों को फीस के लिए परेशान किया तो कार्रवाई, एडवांस फीस नहीं ले सकेंगे स्कूल

गाजीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ। CoronaVirus Lockdown in UP : उत्तर प्रदेश में कोरोना संक्रमण की वजह से किए गए लॉकडाउन के दौरान स्कूल संचालकों ने यदि अभिभावकों को एडवांस फीस जमा करने के लिए परेशान किया तो उन पर कार्रवाई होगी। माध्यमिक शिक्षा विभाग की प्रमुख सचिव आराधना शुक्ला ने बताया कि अगर इस स्थिति में परेशानी के चलते कोई अभिभावक फीस जमा करने में सक्षम नहीं है तो स्कूल प्रबंधन लॉकडाउन खत्म होने का इंतजार करें। अभिभावकों से सिर्फ मासिक फीस ही लें। जबरन फीस वसूली की शिकायतों पर सभी डीएम और डीआइओएस को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

माध्यमिक शिक्षा विभाग की प्रमुख सचिव आराधना शुक्ला ने बताया कि स्कूल संचालकों द्वारा कॉल व एसएमएस के जरिये अभिभावकों को तीन से छह महीने तक की फीस जमा करने के लिए बाध्य किए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। प्रमुख सचिव ने कहा कि लॉकडाउन की वजह से सारी गतिविधियां ठप हैं। ऐसे में अभिभावकों के सामने फीस जमा करने को लेकर समस्या आ रही है। कई अभिभावक इस समय आर्थिक संकट से भी जूझ रहे हैं, इसलिए जरूरी हो तो स्कूल ऐसे में केवल मासिक फीस ही जमा कराएं।

माध्यमिक शिक्षा विभाग की प्रमुख सचिव आराधना शुक्ला ने कहा कि कोई अभिभावक यदि फीस देने में सक्षम नहीं है तो उससे भविष्य में फीस लेने का प्रावधान करें। प्रमुख सचिव ने कहा कि स्कूल संचालक यदि एडवांस फीस जमा करने का दबाव बनाएं तो अभिभावक सीधे डीएम और डीआईओएस ऑफिस में शिकायत करें। ऐसे स्कूलों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 
 '