गाजीपुर: मेडिकल टीम ने जमात में शामिल व जमातियों व उनके संपर्क में आए 22 लोगों का स्वैब टेस्ट के लिए भेजा वाराणसी
गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर दिल्ली के तब्लीगी जमात में शामिल व जमातियों व उनके संपर्क में आए 22 लोगों का स्वैब लेकर मेडिकल टीम ने टेस्ट के लिए मंगलवार को वाराणसी भेजा। विभिन्न ब्लाकों से लाए गए ऐसे लोगों को नगर के अफीम फैक्ट्री के पास स्थित क्षेत्रीय रेल प्रशिक्षण संस्थान में क्वारंटाइन किया गया है, जिससे उनकी निगरानी की जा सके। वहीं जनपद में कोरोना वायरस के पांच संक्रमितों के मिलने के बाद सीएमओ की सहायता के लिए वाराणसी स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त निदेशक डा. वीपी सिंह ने भी मोर्चा संभाल लिया है।
दिल्ली के निजामुद्दीन से जनपद आए जमातियों के संपर्क में आने वाले लोगों की सूची तैयार होते ही मेडिकल टीम देर रात सभी को एंबुलेंस से क्षेत्रीय रेल प्रशिक्षण संस्थान लेकर आई। इसमें शहर के कपूरपुर, मियांपुरा, नंदगंज, सादात, दिलदारनगर समेत अन्य जगहों के 22 लोग शामिल हैं। सभी को क्वारंटाइन करने के साथ सुबह एसीएमओ डा. पीके कुशवाहा व जिला अस्पताल में स्थापित कोरोना वार्ड के नोडल अधिकारी डा. स्वतंत्र सिंह के नेतृत्व में पहुंची मेडिकल टीम ने बारी-बारी से सभी का स्वैब एकत्र करने के बाद जांच के लिए वाराणसी भेज दिया। इधर पुलिस प्रशासन की टीम ऐसे लोगों को चिन्हित करने में ही जुटी रही, जिससे समय रहते उनकी जांच कराकर कोरोना संक्रमण के फैलाव पर अंकुश लगाया जा सके।
रास्ते में एंबुलेंस छोड़ फरार हुआ चालक
दिल्ली जमात में शामिल व जमातियों के संपर्क में आए लोगों को देर रात एंबुलेंस से लेकर आ रहा चालक शहर में वाहन खड़ा करके फरार हो गया। चालक के इस कृत्य से नोडल अधिकारी डा. स्वतंत्र सिंह परेशान हो गए। उन्होंने इसकी सूचना कोरोना के नोडल अधिकारी डा. उमेश कुमार को दी। उनके द्वारा सीएमओ को जानकारी देने की बात कहकर पल्ला झाड़ लिया गया। जैसे ही इसकी जानकारी सीएमओ को मिली उन्होंने दूसरे चालक को भेजकर तत्काल एंबुलेंस को क्षेत्रीय रेल प्रशिक्षण संस्थान पहुंचाया व चालक के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश अधिकारियों को दिया।
चिन्हित किए गए सभी लोगों को रेलवे जोनल ट्रेनिग सेंटर में क्वारंटाइन करने के साथ उनका स्वैब टेस्ट के लिए वाराणसी भेजा गया है। साथ ही एंबुलेंस चालक के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश अधिकारियों को दे दिए गए हैं।- डा. जीसी मौर्या, सीएमओ।
