गाजीपुर: पांच नाविकों समेत 340 पर मुकदमा, 12 नावें सीज
गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर महामारी का रूप ले चुके कोरोना वायरस के संक्रमण फैलाव को रोकने के लिए हुए लॉकडाउन का पालन न करने वालों के खिलाफ पुलिस प्रशासन सख्त हो चुकी है। खानपुर पुलिस ने जहां पांच नाविकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के साथ 12 नावों को सीज कर दिया, वहीं पूरे जनपद में 340 के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया गया। साथ ही 1215 वाहनों का चालान करने के साथ 71 बाइकों को जब्त कर लिया गया। जबकि 27 हजार 200 रुपये का सम्मन शुल्क भी वसूला गया। पुलिस द्वारा की जा रही कार्रवाई से बेवजह सड़कों पर घूमने वालों में खलबली मची हुई है।
शहर में सीओ सिटी ओजस्वी चावला व कोतवाल धनंजय मिश्रा के नेतृत्व में विभिन्न जगहों पर चले चेकिग अभियान के तहत 127 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। इसके अलावा 517 वाहनों का चालान व 7200 रुपये शमन शुल्क वसूला गया। खानपुर : लाकडाउन के दौरान जलमार्ग को रास्ता बनाना पांच नाविकों को महंगा पड़ गया। स्थानीय पुलिस टीम ने शनिवार की शाम पांच नाविकों पर मुकदमा कायम कर 12 नावों को सीज कर दिया। थानाध्यक्ष सुनील सिंह ने बताया कि वाराणसी, आजमगढ़ व जौनपुर की सीमा सील के बाद कुछ नाविक लॉकडाउन का उल्लंघन करते हुए लोगों को अपने नौका में बैठाकर गंगा व गोमती नदी पार करा रहे थे।
सिधौना चौकी इंचार्ज योगेंद्र सिंह ने बताया कि तीन दर्जन बाइकों व एक चार पहिया वाहन का चालान किया गया है।
भांवरकोल : स्थानीय पुलिस टीम ने 16 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्जकर लिया। प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ यादव ने बताया कि चेहरे पर बिना मास्क लगाए बाहर घूम रहे भांवरकोल के रमेश यादव, राकेश यादव, मनिया के श्रवण, एजाज, फखनपुरा के तेज नारायण, कुंडेसर के गुलशन, जसदेवपुर के मनोज के अलावा सोनाड़ी में झगड़ा कर रहे बीकू गुप्ता, सुरेश गुप्ता, परसदा में एक दुकान पर शारीरिक दूरी की धज्जियां उड़ाने पर व्यास मुनि, माचा व सुखडेहरा में सैलून की दुकान में भीड़ लगाने वाले रामानंद ठाकुर, देव शरण ठाकुर तथा कबीरपुर में बिना मास्क लगाए लोगों पर कार्रवाई की गई।
कासिमाबाद : लॉकडाउन का उल्लंघन करने वाले के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 100 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। इन्हें बाद में निजी मुचलके पर छोड़ दिया गया। इसके अलावा 85 वाहनों चालान कर 15 वाहनों को सीज कर दिया गया। सेवराई : स्थानीय पुलिस ने 15 वाहनों का चालान काटा व पांच वाहनों को सीज कर दिया।
दिलदारनगर : पुलिस ने मास्क नहीं लगाने पर 42 लोगो के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। थाना निरीक्षक दिलीप सिंह ने बताया कि 24 मार्च से अब तक 533 वाहनों का ई चालान व 22 मैनुवल तथा 26 बाइक सीज किया गया है। मुहम्मदाबाद : लॉकडाउन का पालन नहीं करने पर प्रभारी निरीक्षक अशेषनाथ सिंह ने 25 वाहनों को सीज, 40 का चालान व करीब 20 हजार रुपये जुर्माना वसूला। साथ ही 50 लोगों के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया गया।