Today Breaking News

बनारस में कर्नाटक से आए एक जमाती ने 13 को कर दिया संक्रमित

गाजीपुर न्यूज़ टीम, वाराणसी। स्वास्थ्य विभाग के लिए मदनपुरा काफी चुनौतीपूर्ण बनता जा रहा है। वहां कोरोना चेन नहीं टूट रही है। पॉजिटिव मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। दरअसल कर्नाटक के एक जमाती ने क्षेत्र के 13 लोगों को संक्रमित कर दिया। सबसे पहले वही पॉजिटिव आया था। इसके बाद उसके संपर्क में आने वाले एक के बाद एक पॉजिटिव आ रहे हैं। जिला प्रशासन ने मदनपुरा को हॉटस्पॉट पहले ही घोषित कर दिया है।

मदनपुरा में दो अप्रैल को कर्नाटक निवासी जमाती पॉजिटिव आया था। इसके बाद जब  पुलिस ने पड़ताल की तो पता चला कि वह कई लोगों के घर रुका था। इसके साथ ही उसने दो मस्जिदों में नमाज भी पढ़ी थी। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने एक सूची तैयार की। उसी के अनुसार सभी लोगों का सैंपल लेना शुरू किया। सैंपल में एक के बाद एक लोग पॉजिटिव आने लगे। इससे स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है। स्वास्थ्य विभाग अभी मदनपुरा सहित सभी हॉट स्पॉट इलाके में घर-घर सर्वे कर रहा है। इसमें सभी मरीजों की जानकारी जुटाई जा रही है। स्वास्थ्य विभाग को घर-घर सर्वे का भी का फायदा मिल रहा है। इससे संदिग्ध मरीज चिह्नित हो रहे हैं। 

जिले में 29 जमाती मिले, पांच कोरोना पॉजिटिव
जिले में खाड़ी देशों से लौटने वाले दो युवक पॉजिटिव मिले। इसके बाद पॉजिटिव मिलने वालों में तबलीगी जमाती और व्यापारी परिवार के लोग रहे। देशभर में जमात से लौटे लोगों के लगातार पॉजिटिव मिलने के बाद एक-एक की खोजबीन शुरू हुई। इसमें शासन स्तर से सूची जारी करने के साथ ही इंटेलिजेंस एजेंसियों तक की मदद ली गई। जिले में अब तक 29 ऐसे लोग मिले, जो जमात से लौटे थे। इनमें पांच लोगों की रिपोर्ट दो बार पॉजिटिव मिली। 


शुरू में कर्नाटक निवासी समेत छह जमातियों की जानकारी मदनपुरा क्षेत्र से मिली थी। पहली अप्रैल की रात दिल्ली और प्रदेश शासन से मिले इनपुट के आधार पर स्थानीय पुलिस ने खोजबीन शुरू की। संबंधित क्षेत्रों में लोगों से बातचीत की तो पता चला कि तबलीगी जमात के मरकज से लोग आये हैं, लेकिन किसी ने जांच नहीं कराई। इसमें मदनपुरा के चार लोगों की जानकारी मिली, जबकि बजरडीहा से एक, पांडेय हवेली से एक जमाती की जानकारी मिली थी।  

शासन से भेजी गई सूची में आठ नाम, बाद में 29 ट्रेस हुए
शुरुआती जानकारी के आधार पर वाराणसी में आठ लोगों के नाम ही जारी किये गये, जो दिल्ली मरकज में शामिल हुए थे। मदनपुरा और बजरडीहा इलाके में जमात के लोगों से हुई पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर इसमें और नाम जुड़ते गये। पुलिस-प्रशासन ने सर्विलांस और इंटेलिजेंस एजेंसियों की भी मदद ली। एसपी सिटी दिनेश सिंह ने बताया कि शहर व आसपास से कुल 29 जमातियों की जानकारी हो सकी है।


पहले दो पॉजिटिव, बाद में तीन और संक्रमित मिले
जमात से आये लोगों की जांच कराई गई तो इसमें सबसे पहले दो लोग पॉजिटिव मिले। अन्य की सैंपलिंग भी हुई थी, जिसमें शुरू में तो निगेटिव रिपोर्ट रही। हालांकि बाद में तीन और की रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई। इसके बाद जमात से लौटे पांच लोग पॉजिटिव हुए। 

अब जमात के संपर्क में आये लोग आ रहे पॉजिटिव
पहले जमात के लोग पॉजिटिव हुए। अब इन लोगों के संपर्क में आये लोगों में संक्रमण पाया जाने लगा है। मदनपुरा और पांडेय हवेली में ऐसे पांच लोग पॉजिटिव पाये गये हैं, जो जमातियों के संपर्क में थे। जबकि अभी कई की रिपोर्ट आनी है। 

 
 '