बनारस में पहचान छुपाकर रहती मिली चीनी महिला, पड़ताल में जुटी पुलिस
गाजीपुर न्यूज़ टीम, वाराणसी. उत्तर प्रदेश में वाराणसी के लंका क्षेत्र के एक फ्लैट में चीन की एक महिला पर्यटक द्वारा मणिपुर की निवासी बताकर के अवैध रूप से ठहरने का मामला सामने आया है। आधिकारिक सूत्रों ने सोमवार को यहां बताया कि साकेत नगर स्थित एक अपार्टमेंट के फ्लैट में चीन की एक महिला पर्यटक लॉकडाउन के दौरान बिना किसी सूचना के 22 मार्च से रह रही है। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर महिला से पूछताछ एवं कागजातों की जांच पड़ताल की।
महिला ने पुलिस को बताया कि कोरोना वायरस के मद्देनजर लॉकडाउन कि अचानक घोषणा होने के कारण वह स्वदेश नहीं लौट पाई। इसी बीच उसका वीजा समाप्त हो गया है। इस संबंध में उसने फ्लैट के मालिक को सूचना दी थी। महिला ने पुलिस को बताया कि वह जनवरी में वाराणसी आई थी और दशाश्वमेध क्षेत्र के एक होटल में ठहरी हुई थी। लॉकडाउन के बाद उसे होटल खाली करने के लिए कहा गया था। इसके बाद एक गाइड की मदद से उसने साकेत नगर के अपार्टमेंट में किराए पर एक फ्लैट लिया और वहां 22 मार्च से रहने लगी।
उन्होंने बताया कि फ्लैट मालिक संभव चतुवेर्दी से पुलिस ने फोन पर बातचीत की तो पता चला की महिला के मणिपुर की निवासी बताकर एक गाइड ने उसे फ्लैट दिलवाया था। गाइड ने महिला के बारे में बताया था कि वह मणिपुर की रहने वाली है। इस आधार पर उसने महिला को किराए पर फ्लैट दिया था। फ्लैट किराए पर लेते समय मालिक को नहीं बताया गया था कि महिला चीन की रहने वाली है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि महिला की कोरोना वायरस संबंधी आवश्यक जांच की प्रक्रिया चल रही है। महिला के वीजा की अवधि समाप्त होने की जानकारी संबंधित से आला अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है तथा मकान मालिक द्वारा किरायादार के बारे में उचित समय पर जानकारी नहीं उपलब्ध कराने पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
