Today Breaking News

वाराणसी में सात नये हॉटस्पॉट के साथ 24 इलाके सील, आने-जाने पर कई पाबंदियां

गाजीपुर न्यूज़ टीम, वाराणसी में गुरुवार को आठ नए कोरोना संक्रमित लोगों के मिलने से सात और हॉटस्पॉट बना दिए गए। इनमें सीरगोवर्धनपुर (लंका), चंदुआ छित्तपुर (सिगरा), माधोपुर (सिगरा), कमलपुरा (जैतपुरा), सूजाबाद (रामनगर), शिवाजी नगर (लंका)  और गोला गांव (चोलापुर) शामिल हैं। दोपहर बाद प्रशासन की ओर से संक्रमितों की सूची जारी होने के बाद इनके आवासीय इलाकों में क्षेत्रीय पुलिस पहुंची और हॉटस्पाट के साथ बफर जोन में आये मकानों को चिह्नित कर सील की कार्रवाई शुरू कर दी गई। शहर में हॉटस्पाट इलाकों में एडीएम सिटी विनय सिंह और एसपी सिटी दिनेश सिंह पहुंचे। हालात का जायजा लिया। लोगों से अपील कर घरों में रहने को कहा। अब जिले में कुल 24 हॉटस्पॉट क्षेत्र हो चुके हैं। इनमें 20 शहरी इलाके में हैं। लोहता हालांकि अब ग्रीन जोन में आ चुका है। उम्मीद है कि वहां से पाबंदियां हटा ली जाएंगी।  

ये हैं कुल हॉटस्पॉट क्षेत्र:  सीरगोवर्धनपुर (लंका), चंदुआ छित्तपुर (सिगरा), माधोपुर (सिगरा), कमलपुरा (जैतपुरा), सूजाबाद (रामनगर) और गोला गांव (चोलापुर), महमूरगंज, मृत्युजंय महादेव (विशेश्वरगंज), छोटी पियरी (चौक), मदनपुरा, बजरडीहा, पितरकुंडा, काशीपुरा, मढौली, जेरगुलर(मच्छोदरी), संजय नगर कॉलोनी  (पहड़िया), अंसारनंगर (रेवड़ी तालाब), नक्खीघाट, सप्तसागर मोहल्ला, काजीपुरा खुर्द (सोनिया), शिवाजी नगर (लंका), अर्जुनपुर (सेवापुरी), लोहता और गंगापुर। 

गंगापार के सूजाबाद पहुंचा पहला मामला
रामनगर के उत्तरी छोर पर गंगा किनारे बसे सूजाबाद क्षेत्र में 24 वर्षीय युवक के पॉजिटिव मिलने के बाद हड़कंप है। मढौली निवासी दवा कारोबारी के यहां काम करने वाले सूजाबाद के दो चचेरे भाइयों का परीक्षण किया गया था, जिसमें से एक की रिपोर्ट पाजीटिव आने के बाद गांव के लगभग एक तिहाई हिस्से को हॉटस्पॉट बना दिया गया है। बंधा रोड निवासी युवक के घर के चारों ओर 100 मीटर क्षेत्र में दर्जनों स्थलों पर बैरिकेडिंग कर दी गई है। एडीएम सिटी और एसपी सिटी ने यहां आकर जायजा लिया। 

पाजीटिव मरीज के घर में किरायेदार भी
युवक के परिवार में पत्नी, दो बच्चियां व एक 15 महीने का बेटा है। युवक के घर में एक किरायेदार भी है, जिसमें पति, पत्नी व एक बच्चा रहता है। फिलहाल पुलिस ने परिवार के लोगो को घर मे रहने का निर्देश दिया है। थानाध्यक्ष रामनगर विनोद मिश्रा ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर घर व आस पड़ोस के लोगो की भी सैम्पलिंग कर जांच करवायी जाएगी। गांव के दूसरी ओर घनी बस्ती में लोगों ने प्रधान बनारसी लाल के नेतृत्व में गांव को बाहरी लोगों के आवागमन से मुक्त रखने के लिए भी बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जा रही है। गांव की 15 हजार आबादी व घनी बस्ती है। 

कमलपुरा
जैतपुरा थाना क्षेत्र के कमालपुरा इलाके से एक व्यक्ति के संक्रमित मिलने के बाद इसे सील कर दिया गया है। दोपहर में पहुंचे पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने उसके घरवालों से बातचीत की। उसके संपर्क में आये लोगों की जानकारी ली। संक्रमित के परिवार में कुल 22 लोग हैं। यहां चार प्वाइंट बनाकर करीब 1200 आबादी के मकानों को सील किया गया है। तीन शिफ्ट में जैतपुरा थाने के जवानों की ड्यूटी लगाकर निगरानी बढ़ा दी गई है। करीब 500 मीटर दायरे में सील की कार्रवाई की गई है।  उधर आसपास के लोगों ने अपनी गलियों में खुद बैरिकेडिंग कर सील कर दिया है।

चंदुआ-छितूपुर
नगर निगम चौकी के पुलिसकर्मियों के संपर्क में आये चंदुआ-छित्तूपुर के संक्रमित व्यक्ति के मकान के आसपास के रास्ते सील कर दिये गये। कुल तीन प्वाइंट बनाकर ढाई सौ मकानों को बफर जोन में लिया गया है। यहां 2500 की आबादी कवर होगी। एसपी सिटी ने दोपहर में पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। निर्देश दिया कि लाउड स्पीकर से सूचना प्रसारित कराकर सभी को जानकारी दे दी जाए। किसी को घर से न निकलने दिया जाए। सामान की जरूरत है तो होम डिलेवरी के लिए जारी नंबर पर लोग संपर्क करें। 

सीरगोवर्धनपुर 
छित्तूपुर दलित बस्ती लेकर सीरगेट के सामने आंशिक सीरगोबर्धनपुर तक पांच प्वाइंट बनाकर 20 घरों को सील कर हॉटस्पॉट घोषित कर दिया गया। इंस्पेक्टर लंका भारत भूषण तिवारी लाउडस्पीकर से मरीज के बारे में जानकारी दी। लोगों से घरों के बाहर नहीं निकलने की अपील की। इंस्पेक्टर लंका ने बताया कि सील किये गए क्षेत्र में ज्यादा बस्ती नहीं है। शिवपुर सीएचसी पर तैनात छितूपुर निवासी वार्ड व्यॉय है। कोरोना जांच का सैम्पल लेकर रोज बीएचयू स्थित सर सुन्दरलाल अस्पताल आता था। परिवार में पत्नी के अलावा चार बच्चे हैं। रिपोर्ट में कोरोना पॉजीटिव आने के बाद स्वास्थ्य कर्मी के घर के अगल बगल में रहने वालों की चिंता बढ़ गई है। उसके परिजनों में भय बना हुआ है। 

गोला गांव 
चोलापुर थाना क्षेत्र के गोला निवासी छात्र की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद यहां लोगों में दहशत व्याप्त है। हालांकि वह घर नहीं गया था, फिर भी उसके संपर्क में आये चाचा परिवार में गये थे। लिहाजा यहां चाचा के घर की ओर जाने वाले रास्तों को बंद कर दिया गया है। करीब 25 मकान दायरे में लेकर सील कर दिया गया है। दो सौ आबादी इन मकानों में रहती है। गांव में लोग भयभीत हैं। घरों से नहीं निकल रहे हैं। चोलापुर पुलिस ने यहां पहुंचकर लोगों से घरों में रहने की अपील की। जरूरत के सामान कम होने पर जानकारी देने को कहा।

माधोपुर (सिगरा) 
सिगरा थाना क्षेत्र का यह इलाका नगर निगम मुख्यालय के पीछे पड़ता है। नगर निगम चौकी के जिस दरोगा का पॉजिटिव पाया गया है वह इसी इलाके में रहता है। इसे देखते हुए माधोपुर को भी हॉटस्पॉट बनाया जा रहा है। पुलिस इस इलाके को सील करने की तैयारी में जुट गई है। 

शिवाजी नगर (लंका) 
नगर निगम पुलिस चौकी पर तैनात संक्रमित हेड कांस्टेबल लंका थाना क्षेत्र के शिवाजीनगर कॉलोनी में पत्नी और बच्चों के साथ रहता था। ड्यूटी के लिए यहीं से आता-जाता था। ऐसे में यहां आसपास के लोगों से भी संपर्क होता था। देर शाम इस इलाके को भी हॉटस्पाट बनाकर सील कर दिया गया। यहां इस कॉलोनी की ओर जाने वाले रास्तों को पूरी तरह बंद कर दिया गया है। सिपाहियों की तैनाती कर दी गई है। सीओ भेलूपुर ने बताया कि परिवार के सदस्यों की सैंपलिंग की जाएगी। साथ ही कॉलोनी में सूचना प्रसारित कर जानकारी दे दी गई है।

'