Today Breaking News

आजमगढ़ में कोरोना से मरे प्रवासी का बेटा, दो मेडिकल स्टाफ और अस्पताल ले जाने वाला ऑटो चालक भी पॉजिटिव

गाजीपुर न्यूज़ टीम, आजमगढ़। आजमगढ़ में गुरुवार को 15 कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें कोरोना से मृत प्रवासी का सात वर्षीय बेटा और दो स्वास्थ्य कर्मचारी भी शामिल हैं। इसके अलावा मृत मुंबई प्रवासी को अस्पताल ले जाने वाला ऑटो रिक्शा चालक भी पॉजिटिव निकला है। लालगंज तहसील में जियापुर गांव में तीन दिन पूर्व कोरोना पॉजिटिव मिले मुंबई प्रवासी के परिवार के दो सदस्य भी पॉजिटिव मिले हैं।

सदर तहसील के जहानागंज थाने के नेतपुर गांव निवासी मुंबई से आए कोरोना पॉजिटिव की 17 मई को मौत हो गई थी। मौत के बाद इसी दिन रात में इसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। उसके सात वर्षीय बेटे के साथ इसी गांव का ऑटो रिक्शा चालक भी पॉजिटिव पाया गया है। इसके अलावा राजकीय मेडिकल कालेज का एक एलटी सहित दूसरे अस्पताल का एक अन्य स्वास्थ्यकर्मी भी पॉजिटिव हैं। सदर तहसील के ही नरेहथा कनैला निवासी मुंबई से आया युवक भी पॉजिटिव है। 

लालगंज तहसील के मेहनाजपुर के जियापुर गांव में मुंबई से आया एक युवक पिछले दिनों पॉजिटिव मिला था। उसकी मां-भाभी भी पॉजिटिव हैं। इसी गांव में एक और व्यक्ति मुंबई से आया था। इसका भतीजा पॉजिटिव निकला है। बहलोलपुर गांव में भी मुंबई से आया व्यक्ति पॉजिटिव है। हरदसई रामपुर, उछेउवा, भोपालपुर बीबीपुर गांव में भी मुंबई से आए एक-एक व्यक्ति संक्रमित निकले हैं। इसके अलावा लालगंज तहसील के देवगांव कोतवाली के चिरकिहिट बरदह थाने के पुरसुड़ीपुर गांव में मुंबई से आए एक-एक व्यक्ति पॉजिटिव निकले हैं। फूलपुर तहसील में कैथौली गांव में भी मुंबई से आया प्रवासी पॉजिटिव पाया गया है।

आजमगढ़ में गुरुवार को कोरोना पॉजिटिव की संख्या में सबसे बड़ा इजाफा हो गया। दो महीने में जितने मरीज अब तक सामने आए थे, उतने एक ही दिन में और आ गए। पहले यहां 15 लोग पॉजिटिव थे। गुरुवार को 15 नए लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इतनी बड़ी संख्या में संक्रमित लोगों के सामने आने से हड़कंप मच गया। नए मामलों के साथ पॉजिटिव मरीजों की संख्या 30 हो गई है। एक की मौत हो चुकी है। नौ मरीज ठीक हो चुके हैं।
'