Today Breaking News

CM योगी ने किया आर्थिक मदद का ऐलान, राशन से वंचित निराश्रितों को मिलेंगे 1000 रुपए

गाजीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी तरह के निराश्रितों की फिक्र करते हुए उनके लिए आर्थिक मदद का ऐलान  किया है। उन्होंने कहा कि राशन से वंचित निराश्रित व्यक्ति को खाद्यान्न के लिए 1000  रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए। ऐसे लोगों के राशन कार्ड भी बनाए जाएं, जिससे उन्हें नियमित तौर पर खाद्यान्न मिलता रहे। हर हाल में प्रदेश में कोई भूखा न रहे।

मुख्यमंत्री ने शनिवार को अपने आवास पर  टीम 11 के अधिकारियों के साथ बैठक में लॉकडाउन की समीक्षा करते हुए यह निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गम्भीर रूप से बीमार निराश्रित के पास अगर आयुष्मान भारत योजना अथवा मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना का कार्ड नहीं है, तो उसे तात्कालिक मदद के तौर पर 02 हजार रुपए दिए जाएं। ऐसे निराश्रितों के समुचित उपचार की व्यवस्था भी की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि किसी निराश्रित व्यक्ति की मृत्यु होने पर उसके परिवार को अन्तिम संस्कार के लिए 05 हजार रुपए की आर्थिक मदद दी जाए।

मुख्यमंत्री  ने निर्देश दिए होम क्वारंटाइन के दौरान कामगारों/श्रमिकों को एक हजार रुपए का भरण-पोषण भत्ता प्रदान किया जाए।

समस्त जिलाधिकारी तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी नियमित तौर पर निरीक्षण करते हुए यह सुनिश्चित करें कि सभी कोविड अस्पताल सुचारु रूप से संचालित हों।उन्होंने कहा कि  कोरोना पाॅजिटिव व्यक्ति हर हाल में क्वारंटीन सेन्टर अथवा कोविड अस्पताल में ही रहे। 

मुख्यमंत्री  ने कहा कि 01 जून, 2020 से खाद्यान्न वितरण अभियान का अगला चरण प्रारम्भ हो रहा है। इसके लिए सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं। खाद्यान्न वितरण के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का पूर्ण पालन कराया जाए। यह भी सुनिश्चित किया जाए कि घटतौली अथवा किसी अन्य प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए।

मुख्यमंत्री ने गौ-आश्रय स्थलों के लिए अब तक 3,133 भूसा बैंक की स्थापना का संज्ञान लेते हुए भूसा बैंक के स्थापना कार्य को और तेजी से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आकाशीय बिजली की घटनाओं से होने वाली जनहानि को रोकने के लिए तकनीक का उपयोग किया जाए। खराब मौसम का पूर्वानुमान होने पर समय से एलर्ट जारी करने से जनहानि को रोका जा सकता है। उन्होंने टिड्डी दल के प्रकोप को नियंत्रित करने के लिए कीटनाशक रसायनों के नियमित छिड़काव की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

मुख्यमंत्री  ने कहा कि बरसात के मौसम से पूर्व तालाबों से मिट्टी की खुदाई का कार्य कराया जाए। इस कार्य में मनरेगा श्रमिकों का उपयोग किया जाए। साथ ही, तालाबों से निकली मिट्टी, माटी कला बोर्ड से समन्वय करते हुए, कुम्हारों को निःशुल्क उपलब्ध कराई जाए।  उन्होंने वृक्षारोपण अभियान में रोपित होने वाले पौधों के लिए गड्ढे खोदने का कार्य अभी से मनरेगा श्रमिकों से कराने के निर्देश भी दिए।
'