Today Breaking News

नहाते समय दो बालक गंगा नदी में डूबे, पुलिस की मौजूदगी में देर शाम तक होती रही खोजबीन

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर। जिले के भांवरकोल थाना क्षेत्र के शेरपुर गंगा घाट पर शनिवार की शाम नहाते समय दो बालक नदी में डूब गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। देर शाम तक तटवर्ती मल्लाहों ने नदी में जाल लगाकर उनकी तलाश की, लेकिन उनका कहीं पता नहीं चला। उधर बालकों के नदी में डूबने की सूचना पाकर सैकड़ों ग्रामीण गंगा घाट पर देर रात तक जमे रहे। घटना से परिजनों में रुदन क्रंदन जारी है।

इलाके के शेरपुर कला निवासी बाम्बे यादव का बेटा अंकुर यादव (12) और रामजीत यादव का बेटा विकास यादव (13) शाम को भैंस चराने के लिए घर से गए थे। भैंसों को नदी में नहलाने के बाद दोनों खुद भी नहाने के लिए पानी में कूद गए। इसके बाद नदी की धारा में बहने लगे। नदी तट पर मौजूद लोगों ने दोनों बालकों को नदी किनारे जाते देखा था।

काफी देर तक जब दोनों घर नहीं लौटे तो परिजन उनकी खोजबीन करने लगे। इसी बीच कुछ लोगों ने बताया कि दोनों नदी तट की तरफ दिखे थे, फिर परिजन गंगा तट पर पहुंचे। नदी किनारे उनके चप्पल व कपड़े मिलने से डूबने की आशंका जताते हुए नदी में जाल लगाकर उनकी खोजबीन शुरू कर दी गई। हालांकि समाचार लिखे जाने तक उनका कहीं अता पता नहीं चल पाया था। इस संबंध में थाना प्रभारी विश्वनाथ यादव ने बताया कि गांव के दो बालक नहाते समय नदी में डूब गए हैं। उनकी तलाश की जा रही है।
 
 '