Today Breaking News

वाराणसी में दवा दुकानों पर उमड़ी भीड़, अब एक की जगह चार घंटे खुली रहेंगी दुकानें

गाजीपुर न्यूज़ टीम, वाराणसी में शुक्रवार की सुबह दवा दुकानों के खुलते ही लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन शुरू हुआ तो सड़कों पर लंबी लंबी लाइनें लग गईं। दुकानें सिर्फ एक घंटे खोलने के आदेश को देखते हुए आपाधापी की भी स्थिति बनने लगी। तीन दिन से दुकानें बंद रहने के कारण दवा नहीं मिलने से परेशान लोग किसी तरह दवा लेना चाहते थे। लोगों की इस आपाधापी और कतारों की खबर अधिकारियों तक पहुंची तो दवा दुकानों को खुली रखने का समय बढ़ा दिया गया। पहले केवल एक घंटे दुकानें खोलने का आदेश दिया गया था। अब दुकानें चार घंटे तक खुली रहेंगी।

जिला प्रशासन ने कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए मंगलवार को बनारस शहर में तीन मई तक कर्फ्यू जैसी पाबंदी लगा दी थी। इसमें दवा की दुकानों को भी खोलने पर पाबंदी लगाई गई थी। गुरुवार को इस पाबंदी में कुछ ढील दी गई। दवा की दुकानों को शुक्रवार से एक घंटे 11 से दोपहर 12 बजे तक खोलने की इजाजत दे दी गई। 
दवा दुकानें खुलते ही लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सबसे ज्यादा भीड़ कबीरचौरा, लक्सा, लंका, गोदौलिया, तेलियाबाद और वरुणापार में अर्दली बाजार और महावीर मंदिर से लेकर जिला अस्पताल के पास की दुकानों पर दिखाई दी। इस भीड़ की सूचना मिलते ही अधिकारियों ने दुकानों को तीन बजे तक खुला रखने की इजाजत दे दी है। इसकी सूचना वायरलेस के जरिये थानों को भी पहुंचाई गई। इलाकों में पुलिस ने गश्त करते हुए इसका ऐलान किया कि किसी को घबराने की जरूरत नहीं है। सभी को दवाइयां मिलेंगी। दुकानें 12 बजे बंद नहीं होंगी। दुकानों को बंद करने का समय अब दोपहर तीन बजे तक बढ़ा दिया गया है। इस घोषणा के बाद लोगों को काफी राहत हुई। 

उधर, दूध की दुकानें भी शुक्रवार को सुबह 7 से 8 बजे तक एक घंटे खुली। लेकिन ज्यादातर स्थानों पर दुध समय से पहले ही बिक गया। दो दिनों तक सब्जी के ठेले नदारत रहे लेकिन शुक्रवार की सुबह पाबंदियों में ढील की सूचना के बाद ठेले दिखाई दिये और लोगों ने सब्जियों की खरीदारी की। खासकर मुस्लिम इलाकों में रोजेदारों की भीड़ सब्जी के ठेलों पर दिखाई दी। 

प्रशासन ने सब्जी, दूध और राशन की बिक्री गलियों में घूम-घूम कर ठेले या वाहनों से करने की इजाजत दे दी है। यह दुकानें सुबह छह बजे से शाम 6 बजे तक घूम-घूमकर अपना सामान बेच सकती हैं।