आजमगढ़ में सरकारी डाक्टर समेत 16 और लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव
गाजीपुर न्यूज़ टीम, आजमगढ़। आजमगढ़ में लगातार मेडिकल स्टाफ भी कोरोना का शिकार हो रहा है। शुक्रवार को 16 और लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसमें जीयनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डाक्टर भी शामिल हैं। इससे पहले एक डाक्टर सहित छह स्वास्थ्य कर्मी कोरोना पॉजिटिव आ चुके थे। इसमें एक डाक्टर, एलटी, एंबुलेंस चालक, स्टाफ नर्स तक कोरोना का संक्रमण पहुंच चुका है।
अन्य लोगों में 14 मुबई से लौटे प्रवासी और एक प्रवासी की पत्नी है। नए मरीजों के साथ ही जिले में पॉजिटिव की संख्या 141 तक पहुंच गई है। इसमें 25 मरीज स्वस्थ हो कर डिस्चार्ज हो चुके हैं। तीन की मौत भी हो चुकी है। फिलहाल 113 एक्टिव मरीज हैं। इनका इलाज कोविड हास्पिटल में चल रहा है।
सीएमओ डॉक्टर एके मिश्र के अनुसार शुक्रवार को 134 रिपोर्ट मिली। इसमें 16 मरीजों की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव है। जीयनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डाक्टर के अलावा सदर तहसील के जहानागंज ब्लाक के पुनर्जी, मार्टीनगंज तहसील के पवई ब्लाक के भानीपुर पवई गांव के तीन-तीन व्यक्ति, सदरपुर का एक व्यक्ति, निजामाबाद तहसील के मोहम्मदपुर ब्लाक के अहियाई गांव के दो व्यक्ति, अररा का एक व्यक्ति, फूलपुर तहसील के बेलइसा अंबारी के दो व्यक्ति, मेहनगर तहसील के सिंहपुर सरैया का एक व्यक्ति, बूढ़नपुर तहसील के माधोपुर गांव का एक व्यक्ति और भरौली कोयलसा का एक व्यक्ति पाजिटिव है।
