Today Breaking News

CM योगी ने डॉक्‍टरों से कहा, अब कोरोना जांच में देरी की वजह से न रुके कोई ऑपरेशन

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गोरखपुर. सीएम योगी ने गोरखपुर और बस्‍ती जिला अस्‍पताल के निरीक्षण के दौरान डॉक्‍टरों को हिदायत दी कि अब कोरोना जांच में देरी की वजह से कोई ऑपरेशन नहीं रुकना चाहिए। उन्‍होंने कहा ट्रू नेट मशीन इसीलिए दी गई है ताकि रिपोर्ट जल्‍द से जल्‍द मिल सके। सीएम, रविवार दोपहर बस्‍ती से होते हुए गोरखपुर पहुंचे। यहां उन्‍होंने सबसे पहले गोरखपुर जिला अस्‍पताल का निरीक्षण किया।

वहां उपलब्‍ध सुविधाओं और ट्रू नेट मशीन के संचालन को देखने के बाद उन्‍होंने डॉक्‍टरों से कहा कि कोविड-19 टेस्ट की वजह से अब कोई सर्जरी रुकनी नहीं चाहिए। हर सर्जरी के पहले टेस्ट जरूर करा लें। ट्रू नेट मशीन इसीलिए दी गई है ताकि जल्दी जांच हो सके।

सीएम ने इमरजेंसी की सुविधाओं को देखा। वहां मौजूद प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सतीश कुमार श्रीवास्तव और सीएमओ डॉ श्रीकांत तिवारी को उन्‍होंने कोरोना के प्रति पूरी सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक से पूछा कि आप कोविड मरीजों की कैसे पहचान करते हैं? उन्होंने बताया कि हम लोग मरीज के लक्षणों और उसकी ट्रैवल हिस्ट्री के आधार पर जांच कराते हैं। पॉजिटिव आने पर उसे तत्काल आइसोलेशन वार्ड में शिफ्ट कर देते हैं। इस मौके पर वहां जिला प्रशासन और पुलिस के सभी वरिष्‍ठ अधिकारी मौजूद रहे।

इसके पहले बस्‍ती में सीएम ने अफसरों को ज्‍यादा से ज्‍यादा रोजगार का सृजन कर प्रवासी कामगारों को काम मुहैया कराने का आदेश दिया। मुख्‍यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि योजनाओं को जमीन पर ठीक ढंग से लागू करें। उन्‍होंने जनप्रतिनिधियों से भी सरकारी योजनाओं को जन-जन तक ले  जाने की बात कही। गोरखपुर पहुंचने के बाद सीधे जिला अस्‍पताल गए। वहां से सर्किट हाउस पहुंचे जहां इस मैराथन बैठकों को दौर चल रहा है। मुख्‍यमंत्री भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ अलग-अलग बैठकें कर रहे हैं। आज शाम से और कल सुबह तक गोरखनाथ मंदिर परिसर में कई बैठकें बुलाई गई हैं। इन बैठकों में मुख्‍यमंत्री, कोरोना, सड़क, फोरलेन, पर्यटन सहित अन्‍य विषयों पर फीडबैक लेंगे और अधिकारियों को निर्देशित करेंगे।