Today Breaking News

ट्रांसजेंडर्स को जॉब के साथ और भी कई विशेष सुविधाएं भी देगी नोएडा मेट्रो

गाजीपुर न्यूज़ टीम, नोएडा। नोएडा-ग्रेटर नोएडा मेट्रो की एक्वा लाइन स्थित सेक्टर-50 मेट्रो स्टेशन ट्रांसजेंडर को समर्पित किया जाएगा। इस स्टेशन पर इस समुदाय को रोजगार के अवसरों के साथ कई विशेष सुविधाएं दी जाएंगी। इसका उद्देश्य समाज में ट्रांसजेंडर की भूमिका को बढ़ावा देना है।

अधिकारियों का दावा है कि इस समुदाय के लिए उत्तर भारत में किसी भी मेट्रो सिस्टम द्वारा शुरू की गई यह अपनी तरह की पहली पहल है। अभी तक इस स्टेशन को पिंक स्टेशन घोषित किया गया था, लेकिन अब इसमें बदलाव कर इसे पर ट्रांसजेंडर समुदाय को समर्पित किया जाएगा। सेक्टर-50 स्टेशन को अभी एनएमआरसी ने खासतौर के लिए महिलाओं के लिए पिंक स्टेशन बनाया हुआ है। इसका शुभारंभ 8 मार्च 2020 को किया गया था। यहां पर महिलाओं के लिए स्तनपान से लेकर, मैकअप रूम आदि की सुविधाएं हैं।

यहां पर काफी संख्या में महिला कर्मचारी भी कार्यरत हैं। अब इस स्टेशन को एनएमआरसी ने ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए विशेष रूप से बनाने का निर्णय लिया है। इसकी शुरुआत जल्द कर दी जाएगी। एनएमआरसी की प्रबंध निदेशक रितु माहेश्वरी ने बताया कि वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार भारत में 4 लाख 90 हजार ट्रांसजेंडर हैं। इनमें से 30 से 35 हजार एनसीआर क्षेत्र में रहते हैं। उन्होंने बताया कि यह ट्रांसजेंडर स्टेशन भी पिंक स्टेशन की तर्ज पर होगा।

इसी तर्ज पर सेक्टर-50 स्टेशन ट्रांसजेंडर समुदाय को समर्पित होगा। हालांकि, यह सभी प्रकार के यात्रियों के लिए खुला रहेगा। इस स्टेशन पर बने शौचालयों के स्ट्रक्चर में बदलाव किया जाएगा। इसके अलावा ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए अलग सुरक्षा जांच पर विचार किया जा रहा है।

ये सुविधा मिलेगी
1. एनएमआरसी की ओर से ग्रेटर नोएडा मेट्रो रूट के स्टेशन और ट्रेन के अंदर सूचनाओं व घोषणाओं के जरिये ट्रांसजेंडर समुदाय के प्रति लोगों में जागरूकता फैलाने के लिए पहल की जाएगी।

2. नोएडा मेट्रो स्टाफ को ट्रांसजेंडर से सौहार्द्रपूर्ण तरीके से व्यवहार करने के लिए प्रशिक्षित करेगी। समुदाय की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। इसके लिए समुदाय को स्टाफ की तर्ज पर ट्रेनिंग दी जाएगी।

3. समुदाय की सहभागिता के लिए विभिन्न स्वयंसेवी संगठनों से बातचीत की जा रही है ताकि इस समुदाय की चुनौतियों को कम किया जा सके जिससे समावेशी समाज का निर्माण किया जा सके।