Today Breaking News

दुनिया भर की दिग्गज कंपनियां उत्तर प्रदेश आने को तैयार : सतीश महाना

गाजीपुर न्यूज़ टीम, कानपुर. उत्तर प्रदेश का औद्योगिक स्वरूप बदल रहा है। नई औद्योगिक नीति, इनवेस्टर समिट, डिफेंस कॉरीडोर और ईज आफ डूइंग का नतीजा है कि दुनियाभर की दिग्गज कंपनियां यूपी में आने की तैयारी कर रही हैं। जापान, चीन और दक्षिण कोरिया की कई कंपनियां संपर्क में हैं। इसके अलावा दूसरे राज्यों की कंपनियां यहां बिजनेस बढ़ाना चाहती हैं। सरकार ने इसके लिए एक हेल्प डेस्क बना दी है। जिसके माध्यम से हम लगातार विदेशी डेलीगेल्ट्स के संपर्क में हैं। अक्टूबर में जापान के 25 सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल के साथ बैठक भी है। यह जानकारी हिन्दुस्तान के ई-संवाद में औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना ने दी।

गुरुवार को आयोजित ई-संवाद में औद्योगिक विकास मंत्री के साथ श्रमायुक्त डॉ. सुधीर एम बोबडे, संयुक्त आयुक्त उद्योग सर्वेश्वर शुक्ला और आईआईए के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील वैश्य ने हिस्सा लिया। इस दौरान सतीश महाना ने बताया कि कोरोना की आपदा में हमने अवसरों को ढूंढा है। लॉकडाउन की मार से इंडस्ट्री बाहर निकल गई है और अब आगे बढ़ने की तैयारी है। उन्होंने बताया कि चीन के हालात देखते हुए तमाम कंपनियां वहां से कामकाज समेट रही हैं। हम इस अवसर का लाभ उठाने से चूकना नहीं चाहते। एक साथ कई फ्रंट पर काम हो रहा है। आत्मनिर्भर भारत पैकेज का लाभ ज्यादा से ज्यादा उद्यमियों को मिले, इसके लिए सीधे संवाद किया जा रहा है।

प्रवासी मजदूरों का डाटाबेस लगभग तैयार
सतीश महाना ने बताया कि प्रवासी मजदूरों का डाटाबेस तैयार किया जा रहा है। हम श्रमिकों की मैपिंग कर रहे हैं। कौन व्यक्ति कहां से आया है। वहां क्या काम करता था। किस इंडस्ट्री से जुड़ा था और क्या हुनर है। इस डाटा के साथ श्रमिक को उसके घर के पास ही रोजगार दे सकेंगे। उद्योगों से संपर्क किया जा रहा है। इसके अच्छे नतीजे भी सामने आ रहे हैं।

जो सामान आयात करते थे, कोरोना के कारण यहीं बन रहे
उद्यमशीलता की सराहना करते हुए महाना ने कहा कि कोरोना ने हमें आत्मनिर्भर बना दिया है। जो चीजें हम आयात करते थे, उसका निर्माण यहीं पर करने लगे हैं। इसमें और गति और विविधता लाने की जरूरत है। उदाहरण देते हुए कहा कि मास्क और पीपीई किट चाइना से आता था। उससे अच्छी क्वालिटी की पीपीई किट हम बना रहे हैं। सेनेटाइजर बाहर से आते थे, अब हम पूरे देश को सप्लाई कर रहे हैं। कानपुर में ही उच्च गुणवत्ता के पोर्टेबल वेंटीलेटर बनाए जा रहे हैं। केवल आयात ही नहीं, जो सामान हम महाराष्ट्र, दिल्ली, गुजरात व पं. बंगाल से मंगाते थे, उन्हें भी यहीं बनाने लगे।

श्रम सुधारों ने प्रदेश के औद्योगिक विकास को तेज किया : श्रमायुक्त
श्रम सुधारों ने यूपी के औद्योगिक विकास को तेज किया है। प्रदेश सरकार ने 15 श्रम कानून को तर्कसंगत बना दिया है। इनमें से 12 को केंद्र सरकार की मंजूरी भी मिल गई है। तीन अधिनियम लंबित हैं। इसी तरह सवा तीन साल में प्रदेश में बिजनेस प्लान लागू हुआ है। प्रदेश का औद्योगिक दायरा लगातार बढ़ा है। निवेश और संभावनाएं दोनों बढ़ी हैं। हिन्दुस्तान के ई-संवाद में प्रदेश के श्रमायुक्त एवं मंडलायुक्त डॉ. सुधीर एम बोबडे ने उद्योगों को दी गई सहूलियतों पर विस्तार से चर्चा की।

डॉ. बोबडे ने उद्यमियों के सवालों के बेबाकी से जवाब दिए। श्रमायुक्त ने कहा कि कोरोना ने मुश्किलें जरूर पैदा कीं लेकिन रोजगार के नए रास्ते भी खुले हैं। कई नए उद्योग शुरू हुए। उद्योगों को चाहिए कि अपने कामगारों, उनके परिवारों का भी ध्यान रखें। उन्हें अच्छी सुविधाएं मिलनी चाहिए। अच्छा आवास और बेहतर माहौल देंगे तो यकीन मानिए उद्योगों में चार चांद लग जाएंगे। अच्छी बात है कि पीआईए, आईआईए जैसे संगठन ने अपना पोर्टल शुरू किया है। अपने मैनपावर को अच्छी सुविधाएं दे रहे हैं।

'