वाराणसी में कोरोना से 12वीं मौत, डीआरडीओ वैज्ञानिक समेत चार नए पॉजिटिव
गाजीपुर न्यूज़ टीम, वाराणसी। वाराणसी में शनिवार को चार और लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसमें एक की रिपोर्ट मरने के बाद पॉजिटिव आई। इससे जिले में कोरोना से मरने वालों की संख्या 12 हो गई है। तीन अन्य लोगों में एक नई दिल्ली स्थित रक्षा अनुसंधान एवं विकास गठन (डीआरडीओ) में तैनात वैज्ञानिक, एक निजी अस्पताल का आरएमओ और तीसरा कागज व्यापारी है।
वाराणसी में चार नए लोगों के साथ ही कोरोना संक्रमितों की संख्या 318 हो गई है l शनिवार को छह लोगों को डिस्चार्ज भी किया गया। इससे स्वस्थ हो चुके मरीजों की संख्या 226 हो गई है। एक्टिव मरीजों की संख्या 80 है। शिवपुर की अशोकपुरम कॉलोनी और सिगरा की चंद्रिका नगर कॉलोनी को नया हॉटस्पॉट बनाया जा रहा है।
जिला प्रशासन के अनुसार शनिवार को बीएचयू लैब से 130 सैंपल के रिजल्ट मिले। चार पॉजिटिव मरीजों में एक की रिपोर्ट मरने के बाद आई है। मरने वाला मरीज राजस्थान में प्राइवेट नौकरी करता था और 14 जनवरी 2020 को राजस्थान में एक्सीडेंट होने पर पीजीआई रोहतक में भर्ती था। 02 फरवरी 2020 को वाराणसी आया था। परेशानी बढ़ने पर 16 जून को बीएचयू के ट्रामा सेंटर में भर्ती हुआ और 20 जून को सेप्टीसेमिक शॉक के कारण इस मरीज की मृत्यु हो गई।
दूसरा मरीज 38 वर्षीय युवक शिवपुर की अशोकपुरम कॉलोनी का है। यह डीआरडीओ नई दिल्ली में साइंटिस्ट के पद पर कार्यरत हैं और 17 जून को कार से वाराणसी आए थे। वाराणसी आने से पहले 17 जून 2020 को नई दिल्ली में ही अपना सैंपल देकर आए थे तथा वाराणसी आने के बाद परिणाम पॉजिटिव आया है। 38 वर्षीय तीसरा मरीज सिगरा के चंद्रिका नगर कॉलोनी का है। यह मरीज पेशे से पुणे में कागज व्यापारी है। फ्लाइट से वाराणसी आए थे। चौथा 55 वर्षीय मरीज रोहनिया के गोविंदपुर के निवासी हैं। एक निजी चिकित्सालय में आरएमओ के पद पर कार्यरत थे। पहले से संक्रमित एक मरीज का इलाज किये थे।
दो नए हॉटस्पॉट, 10 ग्रीन जोन हुए
वाराणसी में शनिवार को दो नए हॉटस्पॉट बनाए गए और 10 ग्रीन जोन में आ गए। शिवपुर की अशोकपुरम कॉलोनी और सिगरा की चंद्रिका नगर कॉलोनी नए हॉटस्पॉट होंगे। इस प्रकार जनपद में हॉटस्पॉट की संख्या 166 हो गई है। 96 हॉटस्पॉट अब ग्रीन जोन में आ चुके हैं। जिन हॉटस्पॉट का नाम ग्रीन जोन में शामिल हो गया उनमें दनियालपुर थाना जैतपुरा, चौमुहानी थाना जैतपुरा, गढ़वासी टोला थाना चौक, हनुमान फाटक थाना आदमपुर, बेलवरिया थाना शिवपुर, इमलाक थाना कैंट, गौरा थाना चौबेपुर, करधना थाना मिर्जामुराद, इंद्रपुर थाना थाना शिवपुर तथा भरत पुरम कॉलोनी थाना मंडुआडीह शामिल है। एक्टिव हॉटस्पॉट्स की संख्या 70 है। इसमें 20 ऑरेंज और 50 रेड जोन में हैं।
226 लोगों का लिया गया सैंपल
जिले में शनिवार को 226 सैंपल कलेक्ट किए गए। अब तक 8885 सैंपल लिये जा चुके हैं। इसमें से 8556 सैंपल का रिजल्ट मिल चुका है। 329 सैंपल का रिजल्ट आना बाकि है।
