Today Breaking News

वाराणसी में कोरोना से 2 और लोगों की मौत,गृह मंत्रालय में सहायक निदेशक समेत 15 की रिपोर्ट पॉजिटिव

गाजीपुर न्यूज़ टीम, वाराणसी। वाराणसी में कोरोना का कहर बढ़ता ही जा रहा है। शुक्रवार को एक साथ दो लोगों की कोरोना से मौत की खबर आई। इसके अलावा 15 और लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। पॉजिटिव लोगों में दो दिल्ली में सरकारी कर्मचारी हैं। एक गृह मंत्रालय में सहायक निदेशक है। संक्रमित लोगों में सफाईकर्मी और उसकी पत्नी भी शामिल है। सफाईकर्मी की दो बेटियों की रिपोर्ट एक दिन पहले पॉजिटिव आई थी। 

नए मरीजों में नौ प्रवासी और छह शहर के हैं। जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या 267 हो गयी है। मरने वालों की संख्या बढ़कर सात हो गई है। अब तक 177 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। एक्टिव मरीजों की संख्या 83 है। 

जिला प्रशासन के अनुसार बीएचयू लैब से शुक्रवार को 235 सैंपल के रिजल्ट मिले। इसमें एक व्यक्ति की रिपोर्ट मरने के बाद पॉजिटिव आई है। 78 वर्षीय यह मरीज चेतगंज के पियरिया पोखरी तेलियाबाग का रहने वाला सेवानिवृत रेलवे कर्मचारी थे। कई वर्षों से स्वांस संबधी दमा की बीमारी और ब्लड प्रेशर की बीमारी से ग्रसित थे। बीएचयू में इलाज चल रहा था। नौ जून को उनका सैंपल लिया गया था। अचानक 10 जून को मौत हो गई थी। शुक्रवार को रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके अलावा बड़ी पियरी के रहने वाले पॉजिटिव मरीज की लखनऊ के एसजीपीजीआई में मौत हो गई। वह ब्रेन ट्यूमर से ग्रसित थे।

इन 9 प्रवासी व्यक्तियों की रिपोर्ट पॉजिटिव
29 वर्षीय मरीज भेलूपुरा के जानकी नगर बजरडीहा का निवासी है। यह मरीज गुड़गांव में एक ट्रेवल एजेंसी में काम करता था और ट्रेन से वाराणसी वापस आया था। दूसरा 52 वर्षीय महिला मरीज चोलापुर के ग्राम दानगंज की रहने वाली है। मुम्बई से ट्रेन से वाराणसी आयी थी। मुम्बई में मजदूर थी।

तीसरा लंका के बटुआपुर (सुंदरपुर) का रहने वाला 40 वर्षीय व्यक्ति है। वह दिल्ली से कार से वाराणसी आया था। उसके साथ 38 वर्षीया पत्नी और 12 वर्षीय बेटा भी आया था। तीनों की रिपोर्ट पॉजिटिव है।

छठा 32 वर्षीय व्यक्ति भेलूपुर के मोतीझील (महमूरगंज) का रहने वाला है। दिल्ली से ट्रेन से वाराणसी आया था। दिल्ली में सिंचाई विभाग का कर्मचारी है। सातवां 57 वर्षीय व्यक्ति मंडुवाडीह के नाथपुर नईबस्ती का रहने वाला है। दिल्ली से विमान से वाराणसी आया था। गृह मंत्रालय में सहायक निदेशक के पद पर कार्यरत हैं। 

आठवां 49 वर्षीय व्यक्ति चौबेपुर के ग्राम डीकापुर का रहने वाला है। ग्रेटर नोएडा से ट्रेन से वाराणसी वापस आया। मजदूरी का काम करता है। नौवीं प्रवासी 30 वर्षीय महिला शिवपुर के प्रज्ञापुरी की रहने वाली है। मुंबई से फ्लाइट से वाराणसी आयी थी। मुम्बई में यह अध्यापिका है।

शहर के इन पांच लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव
पहला 54 वर्षीय व्यक्ति लालपुर पांडेयपुर के कमलानगर कॉलोनी का निवासी है। मछोदरी में रद्दी कागज का व्यापार करता है। दूसरा 46 वर्षीय व्यक्ति चौक के काशीपुरा चौक का निवासी है। महेश क्लिनिक के नाम से क्लीनिक चलाता है। तीसरा 42 वर्षीय व्यक्ति सिगरा के पॉश बादशाहनगर का रहने वाला है। नई सड़क में इसकी चश्मे की दुकान है। चौथा 46 वर्षीय व्यक्ति सीचएसी चोलापुर का सफाईकर्मी है। पांचवीं मरीज सफाईकर्मी की 40 वर्षीया पत्नी का है। सफाईकर्मी की दो बेटियों का रिजल्ट बुधवार को पॉजिटिव आया था।

आठ मरीज डिस्चार्ज
आठ और मरीज शुक्रवार को डिस्चार्ज हो गए हैं। ईएसआईसी हॉस्पिटल में भर्ती 5, बीएचयू में भर्ती 1 और पंडित दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल में भर्ती 2 डिस्चार्ज हुए। डिस्चार्ज मरीजों में एक पुलिसकर्मी है। अन्य का लोग अखरी, हरिभानपुर, भीकमपुर, महंगावपुरा, खेवसीपुर और बड़ी पियरी के हैं।

दस नए हॉटस्पॉट बने 
नए मरीजों के साथ ही जिले में दस नए हॉटस्पॉट बन गए हैं। जानकी नगर थाना भेलूपुर, दानगंज थाना चोलापुर, बटुआपुर सुंदरपुर थाना लंका, मोतीझील थाना भेलूपुर ,नाथपुर नयी बस्ती थाना मडुआडीह, ग्राम डिकापुर थाना चौबेपुर, प्रज्ञापुरी थाना शिवपुर ,कमलानगर कॉलोनी थाना लालपुरपाण्डेयपुर ,बादशाहनगर थाना सिगरा और पियरिया पोखरी थाना चेतगंज को हॉटस्पॉट बनाया गया है। इस प्रकार हॉटस्पॉट की संख्या 137 हो गयी है। अब तक कुल 68 हॉटस्पॉट ग्रीन जोन में आ चुके हैं। 69 हॉटस्पॉट एक्टिव हैं। एक्टिव हॉटस्पॉट में 19 ऑरेंज और 50 रेड जोन में हैं।

154 लोगों की सैंपलिंग 
शुक्रवार को जनपद में 154 लोगों के सैंपल लिये गए। इसमे 54 सैंपल अनाथालय लहुराबीर और राजकीय वृद्धाश्रम दुर्गाकुंड से लिये गए। अब तक कुल 7567 सैंपल लिए जा चुके हैं। 7125 सैंपल का रिजल्ट मिल चुका है। आज लिए गए सैंपल को छोड़ते हुए 288 सैंपल का परिणाम आना बाकि है।

'