Today Breaking News

बिस्तर पर खून से लथपथ पत्नी और घर से पांच सौ मीटर दूर पति की लाश मिली

गाजीपुर न्यूज़ टीम, सोनभद्र। सोनभद्र में शाहगंज के राजपुर गांव में शनिवार की सुबह पति-पत्नी की लाश मिली। पत्नी की लाश घर में बिस्तर पर लहूलुहान अवस्था में मिली। जबकि पति का शव घर से पांच सौ मीटर दूर एक पुलिया के पास मिला। पुलिस का कहना है कि पति ने ही पत्नी की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी फिर गमछे से अपना गला घोंट कर जान दे दी। लेकिन खुद गमछा से गला घोंटने का पुलिस का तर्क किसी के गले नहीं उतर रहा है। 

राजपुर गांव निवासी 58 वर्षीय रामबरन शुक्रवार को घर पर 55 वर्षीया पत्नी गीता के साथ था। घर पर उन दोनों के अलावा छोटे बेटे अजय की गर्भवती पत्नी सविता थी। सविता ने पुलिस को बताया कि वह रात में सास-ससुर के साथ कुछ देर टीवी देखने के बाद अपने कमरे में सोने चली गई। 

सुबह नींद खुलने के पर सास गीता को जगाने गयी तो अपने बिस्तर पर लहूलुहान अवस्था में मृत पड़ी देख चिल्लाने लगी। सास की कुल्हाड़ी से गर्दन काट कर जान ली गई थी। कुल्हाड़ी भी शव के पास ही पड़ी थी और घर में ससुर नहीं थे। सविता की चीख सुनकर गांव के लोग पहुंच गए और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। 

पुलिस पहुंची औ जांच शुरू की। घर पर सविता के ससुर रामबरन के गायब होने के कारण उन पर ही हत्या कर फरार होने का शक हुआ। सविता ने भी बताया कि दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।इसी बीच सुबह नौ बजे ग्रामीणों ने गांव के बाहर दक्षिण तरफ शिवाला बाग के समीप एक पुलिया के पास ससुर रामबरन का भी शव देख पुलिस को सूचना दी। रामबरन का शव देख हत्या की गुत्थी उलझ गयी। 

दो लोगों की मौत से खलबली मच गई। आला अधिकारियों को घटना की जानकारी दी गई। पुलिस अधीक्षक आशीष श्रीवास्तव भी मौके पर पहुंच गए। थानाध्यक्ष भुनेश्वर पांडेय के मुताबिक सही तथ्य तो पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही पता चलेगा। प्रथमदृष्टया यही लग रहा है कि रामबरन ने ही पत्नी गीता की हत्या की और इसके बाद आत्महत्या कर ली। 

एसओ के मुताबिक परिजनों और ग्रामीणों से मिली सूचना के अनुसार रामबरन का व्यवहार अपनी पत्नी के साथ ठीक नहीं था। प्राय: वह पत्नी के साथ विवाद और मारपीट करता रहता था। पिछले पांच-छह सालों से कैंसर का मरीज भी था। इसके बावजूद गांजा- शराब आदि का सेवन करता था। रात में भी उसने गीता के साथ विवाद किया था। 

एसओ का तर्क समझ से परे
रामबरन की मौत को लेकर शाहगंज के एसओ का तर्क ग्रामीणों के समझ से परे है। एसओ का कहना है कि पत्नी की कुल्हाड़ी से हत्या कर रामबरन गांव के बाहर भाग रहा था। फिर रामबरन ने खुद के गमछे से अपना गला घोंट लिया। ग्रामीणों का कहना है कि ये सम्भव नहीं है कि कोई गमछे से गला घोंट कर आत्महत्या कर ले। क्योंकि, गला दबाने के दौरान जब सांस फूलेगी तो अपने आप हाथ की पकड़ ढीली हो जाएगी।