Today Breaking News

गोरखपुर में युवक की लाठी-डंडे से पीटकर हत्‍या, आंख फोड़ी

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गोरखपुर. गोरखपुर में बड़ी निर्ममता से एक युवक को लाठी-डंडे से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया गया। मनबढ़ों ने युवक की एक आंख भी फोड़ दी। 

घटना बड़हलगंज कोतवाली क्षेत्र के ओझवली गांव की है। 22 वर्षीय युवक करन के पिता हरिश्चंद्र ने बताया कि शनिवार की रात नौ बजे उनका बेटा घर से निकला था। रात भर उसका कुछ पता नहीं चला। रविवार की भोर में वह बुरी तरह लहूलुहान हालत में गिरते-पड़ते घर पहुंचा। 

उसके आधे शरीर पर कपड़े भी नहीं थे। शरीर पर काफी चोटें आई थीं। चेहरा, पीठ और पैर में गम्भीर चोट थी। उसकी बाईं आंख भी फोड़ दी गई थी। पूछने पर करन ने बताया कि गांव के नगीना यादव, रामभवन यादव, पिन्टू यादव, अवधेश यादव ने उसे बैसुखिया देवार नाम की जगह पर बुलाया था। वहां उस पर एक लड़की से गलत सम्‍बन्‍ध का आरोप लगाते हुए मारने-पीटने लगे। युवक उन्‍हें सफाई देता रह गया कि उसका उस लड़की से कोई सम्‍बन्‍ध नहीं है। 

अपने बेटे को बुरी तरह घायल अवस्‍था में लेकर हरिश्‍चंद्र और परिवार के अन्‍य सदस्‍य तुरंत सामुदायिक स्‍वास्‍थ्‍य केंद्र पर पहुंचे लेकिन तब तक उसकी जान जा चुकी थी। डॉक्‍टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गांव के कुछ लोगों को हिरासत में ले लिया है। 

लॉकडाउन-1 में बेंगलुरु से लौटा था करन
करन बेंगलुरु में पेंटिंग का काम करता था। वह लॉकडाउन के पहले चरण में घर आया था।

कई ग्रामीणों से की गई पूछताछ
मौके पर पहुंचे सीओ श्यामदेव बिंद ने घटनास्थल का निरीक्षण कर कई ग्रामीणों से पूछताछ की।