Today Breaking News

वाराणसी में 27वीं मौत, 15 नए मरीजों के साथ संक्रमितों की संख्या 813

गाजीपुर न्यूज़ टीम, वाराणसी. वाराणसी में कोरोना से एक और मौत हो गई है। 51 वर्षीया महिला ने रविवार की सुबह दम तोड़ दिया है। इससे मरने वालों की संख्या बढ़कर 27 हो गई है। वहीं रविवार की सुबह 15 और लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। नए मरीजों के साथ वाराणसी में संक्रमितों की संख्या 800 के पार चली गई है। 

कोरोना से दम तोड़ने वाली महिला न्यू कालोनी ककरमत्ता की रहने वाली थी। दो दिन पहले तबीयत खराब होने पर महिला की सैंपलिंग कराई गई थी। परिवार के अनुसार शनिवार की शाम आठ बजे महिला के पॉजिटिव होने की सूचना दी गई। पूरी रात परिवार वाले एम्बुलेंस का इन्तजार करते रहे। रविवार की सुबह सात बजे एम्बुलेंस पहुंची। डीरेका अस्पताल में भर्ती कराने के दौरान ही महिला ने दम  तोड़ दिया। परिवार के अनुसार महिला पहले से डायबिटिक थी। कल से सांस लेने में परेशानी हो रही थी। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग की तरफ से महिला की मौत के बारे में कोई जानकारी जारी नहीं की गई है। 

वहीं बीएचयू लैब से 132 लोगों की रिपोर्ट मिली। इसमें 15 नये कोरोना संक्रमित मिले हैं। इससे कोरोना संक्रमितों की संख्या 813 हो गई है। इससे पहले लगातार तीन दिनों तक 37 या उससे ज्यादा मरीज मिले थे। गुरुवार को 38, शुक्रवार को 37 और शनिवार को 38 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। 

बनारस में एक्टिव मरीजों की संख्या भी तेजी से बढ़कर 352 हो गई है। बढ़ते मरीजों के कारण ही छावनी स्थित सेना के अस्पातल को भी कोरोना मरीजों के लिए तैयार किया जा रहा है। इससे पहले जिला अस्पताल, ईएसआईसी, आयुर्वेद अस्पताल, डीरेका और बीएचयू में इलाज हो रहा है। कुछ होटलों को भी कोरोना मरीजों के लिए चिह्नित किया गया है। यहां गैर लक्षण वाले मरीज रखे जाएंगे। यहां का खर्च मरीजों को ही वहन करना होगा। जिला प्रशासन के अनुसार 813 मरीजों में अब तक 435 स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं।
'