Today Breaking News

योगी सरकार को ब्राह्मण विरोधी बताना घटिया राजनीति का चरम - रविकिशन

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गोरखपुर। फिल्‍म स्‍टॉर और सांसद रविकिशन ने कानपुर कांड के बाद विकास दुबे के एनकाउंटर के बाद सरकार को ब्राह्मण विरोधी बताने की कोशिशों के खिलाफ शनिवार को विपक्ष पर जमकर हमला बोला। उन्‍होंने कहा कि मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने मुझे यानी रविकिशन शुक्‍ला को अपनी सीट से सांसद बनवाया। यूपी में टॉप के तमाम पदों पर ब्राह्मण हैं।  इसके बाद भी क्‍या कोई उनकी सरकार पर ब्राह्मण विरोधी होने का आरोप लगा सकता है? 

17 जुलाई को रविकिशन का 51 वां जन्‍मदिन था। इस मौके पर 'लाइव हिन्‍दुस्‍तान' से बात करते हुए सांसद ने कहा कि मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ को ब्राह्मण विरोधी बताया जाना घटिया राजनीति का चरम है। राजनीति में इससे बड़ी घटिया बात कही ही नहीं जा सकती। उन्‍होंने कहा कि जो लोग अपराधी की जाति बताते हैं उन्‍हें अपने गिरेबां में झांकना चाहिए। ब्राह्मण समाज आज ऐसे लोगों की हकीकत को अच्‍छे से जानता है। रविकिशन ने कहा कि विपक्ष को 2022 में प्रस्‍तावित उत्‍तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में अपनी हार साफ-साफ दिख रही है। वे बुरी तरह पस्‍त हो चुके हैं। ऐसे में एक बार फिर जातीय राजनीति का कार्ड खेलना चाहते हैं। इन दलों ने ब्राह्मणों को हमेशा वोट बैंक की तरह इस्‍तेमाल किया है। 


अपराधी को ब्राह्मण बताना, ब्राह्मण का महाअपमान है। ब्राह्मण कभी दूसरे को दु:ख दे ही नहीं सकता। उसका काम है ज्ञान देना, समाज को नई दिशा देना। वह पड़ोसियों को परेशान नहीं करता। ब्राह्मण लेता नहीं देता है। वह किसी की जान तो ले ही नहीं सकता। असल में अपराधी की तो कोई जाति ही नहीं होती। वह तो सिर्फ अपराधी होता है। विकास दुबे जैसे अपनाधी ने सबसे ज्‍यादा कत्‍ल तो ब्राह्मण के ही  किए। उसके द्वारा मारे गए लोगों के परिवारों के साथ विपक्ष की कोई सहानुभूति नहीं है। ब्राह्मण देश से प्रेम करता है। आज सारे देश का ब्राह्मण समाज राष्‍ट्रवादी भाजपा के साथ है। इससे घबड़ाकर कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ जातीय राजनीति की मुहिम शुरू की। सपा-बसपा भी इसमें शामिल हैं। कांग्रेस अगुवाई कर रही है। लेकिन ब्राह्मण समाज इसे सफल नहीं होने देगा। समाज के युवा सच्‍चाई को समझ रहे हैं। 

सांसद रविकिशन ने आरोप लगाया कि विपक्ष की इस मुहिम के तहत फेसबुक पर फेक एकाउंट बनाकर ब्राह्मण नामों से फर्जी पोस्‍ट डाली जा रही हैं।  गैर ब्राह्मण, ब्राह्मण बनकर नफरत भरे पोस्‍ट डाल रहे हैं। ऐसे तत्‍वों को ब्राह्मण समाज जानता है। वह किसी के भुलावे में नहीं आने वाला। 


'