Today Breaking News

सोनभद्र में सिविल जज और पेशकार सहित नौ पॉजिटिव, निजी अस्पताल के CMO भी संक्रमित

गाजीपुर न्यूज़ टीम, सोनभद्र. सोनभद्र में शनिवार को एक सिविल जज (जूडि), न्यायालय का पेशकार, एक निजी अस्पताल के सीएमओ, खान और पुलिस विभाग के एक-एक कर्मचारी सहित कुल नौ लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इन मरीजों को मिलाकर जिले में अब तक कुल 81 मरीज मिल चुके हैं। इसमें से 41 स्वस्थ्य हो चुके हैं। जिले में पहला मरीज 10 मई को मिला था। वो गुजरात से श्रमिको को लेकर आई स्पेशल ट्रेन से सोनभद्र स्टेशन पर पर उतरा था। मूलत बहराइच का निवासी था।

सीएमओ डॉ. एसके उपाध्याय के अनुसार शनिवार को आई रिपोर्ट में कुल नौ पॉजिटिव मरीज मिले हैं। जिले में तीसरी बार है जब एक साथ काफी संख्या में पॉजिटिव मिले हैं। इससे पहले एक बार में आठ तो दूसरी में बार 21 मरीज एक साथ मिल चुके हैं। सीएमओ के अनुसार शनिवार को आई रिपोर्ट में जनपद न्यायालय सोनभद्र के 31 वर्षीय सिविल जज और जिला न्यायालय के 55 वर्षीय पेशकार शामिल हैं। दोनों का नौ जुलाई को सैंपल लिया गया था।

चुर्क स्थित एक निजी अस्पताल के 68 वर्षीय सीएमओ भी पॉजिटिव पाए गए। इनका भी सैंपल नौ जुलाई को लिया गया था। पुलिस लाइन चुर्क में तैनात 32 वर्षीय सिपाही संक्रमित मिला है। यह बिहार के रोहतास से आठ जुलाई को आया था। उसमें खांसी और जुखाम के लक्षण भी थे। उसका सैंपल नौ जुलाई को लिया गया था।

जिला खनिज विभाग में कार्यरत 55 वर्षीय कर्मचारी भी संक्रिमित मिले हैं। वह उमरौरा में रहते हैं। शाहगंज निवासी एक 20 वर्षीय युवक आईएमएस बीएचयू में भर्ती था। वह 10 जुलाई को यहां लौट आया था। उसकी बीएचयू में ही जांच हुई थी। वह भी पॉजिटिव मिला है। राबर्ट्सगंज के ब्रह्म नगर की गली नंबर पांच निवासी 36 वर्षीय युवक भी पॉजिटिव मिला है। वह ब्रह्मनगर में स्थित एक प्रिंटिंग प्रेस में कम्प्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत है।

इसके अलावा पन्नूगंज थाना के बगल में स्थित आरोहण फाइनेंस लिमिटेड के दो कर्मचारी कोरोना संक्रमित में शामिल हैं। इसमें एक युवक की उम्र 24 और दूसरे की 27 वर्ष है। उक्त सभी का सैंपल नौ जुलाई को लिया गया था। सीएमओ के अनुसार जिन-जिन क्षेत्रों में कोरोना पॉजिटिव मिले हैं, वहां कोविड-19 को लेकर निर्धारित नियमों के अनुसार कंटेनमेंट जोन बनाया जा रहा है। जिले में लिए गए सैंपलों में से शनिवार को कुल 425 लोगों की रिपोर्ट आई है। इसमें से मात्र नौ लोग पॉजिटिव मिले हैं। शेष 416 निगेटिव मिले हैं। सीएमओ के अनुसार अभी 1180 लोगों की रिपोर्ट आनी बाकी है।
'