Today Breaking News

कोरोना संकट के बहाने उद्यमियों की समस्याएं दूर कर रही भाजपा : अखिलेश यादव

गाजीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा कोरोना संकट के बहाने बड़े उद्यमियों की समस्याएं दूर करने में ही व्यस्त है। उसे किसानों की समस्याओं से कोई लेना देना नहीं है। भाजपा कारपोरेट घरानों से जुड़ी है इसलिए उसकी सारी योजनाएं बड़े उद्यमियों के लिए बनती हैं। भाजपा के लिए किसान सिर्फ एक मतदाता है।

अखिलेश ने बुधवार को जारी एक बयान में कहा कि बेमौसम बारिश, ओलावृष्टि व आकाशी बिजली गिरने से किसान परेशान ही था, अब बाढ़ व टिड्डी दल ने उनकी परेशानियां और बढ़ा दी हैं। भाजपा किसानों के साथ लगातार छल कर रही है। केंद्र सरकार द्वारा घोषित न्यूनतम समर्थन मूल्य पर किसानों की फसलें नहीं खरीदी गईं। रही सही कसर डीजल और बिजली के दामों की वृद्धि ने पूरी कर दी। गन्ना किसानों का 10 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा का बकाया है। बुंदेलखंड और बृज क्षेत्र में सैकड़ों किसानों ने आत्महत्या कर ली।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने संकल्प पत्र में वादा किया था कि किसानों को फसल की उत्पादन लागत से डेढ़ गुना मिलेगा, स्थिति तो यह है कि उसे उत्पादन लागत भी नहीं मिल रही है। भाजपा सरकार के रहते वर्ष 2022 तो छोड़िए 2024 तक भी किसानों को नाउम्मीदी ही हाथ लगेगी। मुख्यमंत्री और उनकी टीम-इलेवन तक के जो अफसर है उनका खेती-किसानी, गांव-घर से कोई निकट संबंध नहीं है।
'