वाराणसी में 137 की रिपोर्ट पॉजिटिव, पुरुषों से ज्यादा महिलाएं मिलीं संक्रमित, 3 की मौत
गाजीपुर न्यूज़ टीम, वाराणसी. वाराणसी में 100 से ज्यादा कोरोना संक्रमितों का मिलना जारी है। सोमवार को भी 137 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। तीन और लोगों की मौत भी हुई है। कई दिनों से वाराणसी में तीन या उससे ज्यादा लोगों की मौतें रोजाना हो रही हैं। कई मुहल्लों में तीन या उससे ज्यादा मरीज मिले हैं। लल्लापुरा और डीरेका में पांच-पांच मरीज मिले हैं। पहली बार पुरुषों से ज्यादा महिलाएं संक्रमित मिली हैं। 137 में 70 महिलाएं है और 67 पुरुष संक्रमित मिले हैं।
जिला प्रशासन के अनुसार सोमवार को बीएचयू से 1393 लोगों की रिपोर्ट मिली। इसमें 137 संक्रमित मिले। नए मरीजों के साथ ही वाराणसी में संक्रमितों की संख्या 5787 हो गई है। इसमें अब तक 106 लोगों की मौत हो चुकी है। सोमवार को 185 मरीज स्वस्थ भी हुए हैं। इनमें 136 होम आइसोलेशन और 49 अस्पतालों में इलाज के बाद स्वस्थ हुए हैं। इससे स्वस्थ होने वालों की संख्या 4396 हो गई है। एक्टिव केस 1285 है।
जिन तीन लोगों की मौत हुई है उनमें कज्जाकपुरा निवासी 73 वर्षीय व्यक्ति ने एपेक्स में दम तोड़ दिया। चोलापुर निवासी 62 वर्षीय व्यक्ति और बेनियाबाग निवासी 55 वर्षीय व्यक्ति ने बीएचयू के अस्पताल में दम तोड़ दिया। अस्पतालों से स्वस्थ होने वालों में सबसे ज्यादा डीएलडब्ल्यू और ईएसआईसी से 15-15 लोगों को डिस्चार्ज किया गया है।
इन इलाकों में मिले दो से ज्यादा मरीज
ढेलवरिया चौकाघाट में तीन, रानीपुर मंडुवाडीह में तीन, गौतमनगर अपार्टमेंट चितईपुर में तीन, शंकरपुरी कालोनी बिरदोपुर महमूरगंज में तीन और केदार नगर सुंदरपुर, शिवपुर कोट, हाथी बाजार जंसा, महामनापुरी कालोनी आईटीआई रोड, नेपाली खपड़ा, हनुमानपुरा जवाहरनगर, कबीर कालोनी बीएचयू, मीरापुर बसही, प्रेमचंद नगर कालोनी पांडेयपुर, सीरगोवर्धनपुर में दो-दो मरीज मिले हैं।
मंगल और बुध बंद रहेगी दीवानी कचहरी
न्यायिक अधिकारी और एक कर्मचारी के कोरोना संक्रमित मिलने के बाद सोमवार को दीवानी कचहरी मंगलवार और बुधवार के लिए बंद कर दी गई। इस दौरान परिसर को दोबारा सेनेटाइज किया जाएगा। यह जानकारी कोरोना उपचार रोकथाम समिति के अध्यक्ष विशेष न्यायाधीश लोकेश रॉय ने दी।
उन्होंने निर्देश दिया है कि इस दौरान न्यायिक कार्य वर्चुअल कोर्ट से होगा। रिमांड, जमानत अर्जी, दावा वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये सुनवाई होगी। दाखिला भी आनलाइन होगी। अभियोजन पक्ष कोर्ट की ओर से दिये गए ई-मेल आईडी के जरिये अपना पक्ष रख सकेंगे। आदेश कोर्ट के वेबसाइट पर देखा जा सकेगा। उन्होंने ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से सोमवार को सिविल कोर्ट परिसर में कोरोना जांच की गई, जिसमें एक न्यायिक अधिकारी और एक कोर्ट के कर्मचारी पॉजिटिव पाए गए। हाईकोर्ट के दिशा निर्देश के मुताबिक विशेष अधिकारिता वाली अदालतों में वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये दो दिन के बन्दी के दौरान आवश्यक कार्य होंगे। इस बाबत विस्तृत दिशा निर्देश जारी किया गया है।
