Today Breaking News

वाराणसी में सभी रिकार्ड धराशाई, 312 कोरोना संक्रमित मिले, तीन और लोगों की मौत

गाजीपुर न्यूज़ टीम, वाराणसी. वाराणसी में फिर एक बार कोरोना ने सभी रिकार्ड तोड़ दिये। दो दिन लगातार दो सौ से ज्यादा संक्रमित मिलने के बाद शुक्रवार को 312 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। एक ही दिन में इतनी बड़ी संख्या में संक्रमितों के मिलने से प्रशासनिक अमले से लेकर स्वास्थ्य विभाग तक में खलबली मची है। अभी तक एक दिन में सर्वाधिक 218 मरीज मिले थे। बुधवार को ही नया रिकार्ड बना था। लेकिन वह रिकार्ड भी दो दिन नहीं ठहर सका। तीन लोगों की मौत भी हुई है।
शुक्रवार की सुबह ही 171 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। ऐसे में शाम तक लगातार तीसरे दिन दो सौ ज्यादा संक्रमित मिलने की आशंका जताई जा रही थी। लेकिन आशंका से भी कहीं ज्यादा 312 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव हो गई। नए मरीजों के साथ ही जिले में संक्रमितों की संख्या 4065 हो गई है। इसमें 77 लोगों की अब तक मौत हो चुकी है। 

राहत की बात यह है कि 137 लोग स्वस्थ भी हुए हैं। इनमें अकेले 119 लोग होम आइसोलेशन में इलाज करा रहे थे। 18 लोगों को अलग अलग अस्पतालों से डिस्चार्ज किया गया है। इससे स्वस्थ होने वालों की संख्या 2205 हो गई है। इनमें 841 लोग होम आइसोलेशन और 1364 अस्पतालो में इलाज कराकर स्वस्थ हुए हैं। फिलहाल एक्टिव केस 1783 है।

वाराणसी के आसपास के जिलों में भी कोरोना का कहर जारी है। भदोही में दो और न्यायिक अधिकारियों समेत 13 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या 702 हो गई है। इसमें 14 की मौत हो चुकी है। अब तक 341 मरीजों ने कोरोना को मात देकर स्वस्थ हो चुके हैं। एक्टिव केस 347 है। 

बलिया में शुक्रवार को 87 लोगों को रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इससे संक्रमितों की संख्या 2187 हो गई है। अब तक यहां 23 लोगों की मौत हो चुकी है। एक्टिव केस 1145 हैं। 

मिर्जापुर में 46 मरीज मिले। इससे मरीजों की संख्या बढ़कर 1004 हो गई है।यहां 16 लोगों की मौत हो चुकी है। शुक्रवार को 122 मरीज स्वस्थ्य हो कर घर लौटे।

सोनभद्र में 18 पॉजिटिव मिले। जिले में अब तक 784 कोरोना के मरीज मिल चुके हैं। पांच लोगों की मौत हो चुकी है। इसमें से 501 लोग स्वस्थ हो चुके हैं।
'