Today Breaking News

आंबेडकर मूर्ति क्षतिग्रस्त होने पर फूटा गुस्सा, घंटों चला हंगामा और चक्काजाम

गाजीपुर न्यूज़ टीम, वाराणसी. वाराणसी में फुलपुर के गड़खरा गांव में मुख्य सड़क के किनारे लगी डॉक्टर भीमराव आंबेडकर की मूर्ति मंगलवार की रात शरारतीतत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दी। सुबह इसकी जानकारी मिलते ही ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज ग्रामीणों ने घंटों चक्काजाम कर धरना प्रदर्शन किया। करीब तीन घंटे बाद एसडीएम के समझाने और नई मूर्ति लाने पर जाम खत्म हुआ। 
भोजूबीर-थानागद्दी मार्ग पर स्थित गड़खरा गांव में पंचायत भवन व हरिजन बस्ती के पास ग्राम सभा की जमीन पर 25 साल पहले आंबेडकर की मूर्ति स्थापित की गई थी। उसी के अगल बगल ग्राम सभा की खाली जमीन भी है। इस पर लोग अवैध कब्जा किये हुए हैं। बुधवार को सुबह जब ग्रामीण टहलने निकलने तो आंबेडकर की मूर्ति का सिर गायब था। 

मूर्ति क्षतिग्रस्त होने की खबर जंगल की आग की तरह फैल गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण सड़क पर उतर गए। कांग्रेसी नेता राजू राम के नेतृत्व में चक्काजाम कर प्रशासन के विरोध में नारेबाजी शुरू कर दी। सूचना पर पहुचे एसडीएम जयप्रकाश, एसपीआरए एमपी सिंह, इंस्पेक्टर सनवर अली ने लोगों को समझाने की कोशिश की। लोगों ने शरारतीतत्वों की गिरफ्तारी, मूर्ति स्थल को सुरक्षित करने और नई मूर्ति लगाने मांग की। 

अधिकारियों ने नई मूर्ति लगाने का आश्वासन देकर करीब तीन घंटे बाद जाम समाप्त कराया। कुछ घंटे बाद नई मूर्ति भी लग गई। ग्रामीणों ने शरारतीतत्वों की गिरफ्तारी न होने पर फिर से धरना प्रदर्शन की चेतावनी भी दी है।