Today Breaking News

बलिया में पूर्व कोटेदार को सरेराह गोली से उड़ाया, प्रधान की हत्या में आया था नाम

गाजीपुर न्यूज़ टीम, बलिया. करीब आठ साल पहले वर्ष 2012 में नक्सली हमले में महिला ग्राम प्रधान की हत्या के मुख्य आरोपित कुशहर गांव निवासी 55 वर्षीय कृष्णा वर्मा की बाइक सवार हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। सहतवार थाना क्षेत्र के बांसडीह-सहतवार मुख्य मार्ग पर सुरहिया मोड़ के पास शुक्रवार की सुबह आठ बजे वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दिनदहाड़े मुख्य सड़क पर हुई हत्या से हड़कम्प मच गया। 
कुशहर गांव निवासी कृष्ण कुमार वर्मा अपने गांव से बाइक पर सब्जी लेकर केवरा थोक सब्जी मंडी में बेचने गया था। सुबह 8 बजे वह बाजार से घर वापस आ रहा था। सुरहिया मोड़ की पुलिया से आगे सफेद रंग की अपाची बाइक से आये दो बदमाशो ने कृष्ण कुमार को रोककर सीने में गोली मार दी। कृष्ण कुमार बाइक से गिरकर तड़फड़ाने लगा। 

मुख्य सड़क से गुजरने वाले लोगों के अनुसार घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश सहतवार की ओर भाग गये। ग्रामीणों के अनुसार तीन अन्य बदमाश एक दूसरी बाइक पर पीछे थे, जो बांसडीह की ओर भाग गये। दिनदहाड़े हत्या की सूचना मिलते ही सुरहिया सहित आसपास के गांवो के सैकड़ो लोगों की भीड़ जुट गयी।

बताया जाता है कि मृतक कृष्ण कुमार कुशहर गांव का पूर्व कोटेदार था। वर्ष 2012 में पुलिस वर्दी में आये नक्सलियों द्वारा कुशहर गांव की प्रधान फूलमती देवी की हत्या में वह मुख्य आरोपित भी था। तब आरोप लगा था कि बिहार से आये एक दर्जन नक्सली कृष्ण कुमार के घर ही रूके थे। दो वर्ष पहले ही जमानत पर बाहर आया था।

कोटे की दुकान बर्खास्त हो जाने के कारण ही वह प्रधान से रंजिश रखता था। हालांकि पुलिस मृतक कृष्ण कुमार के जेल में बंद दामाद के साथ दहेज उत्पीड़न के मामले को लेकर चल रहे विवाद को भी केंद्र में रखकर जांच कर रही हैं। 

मौके पर पहुंचे एसपी देवेन्द्र नाथ ने बताया कि जांच की जा रही है। मृतक वर्ष 2012 के प्रधान हत्याकांड में आरोपित रहा है। बदमाशों का शीघ्र गिरफतार कर लिया जायेगा। मौके पर पहुंचे एएसपी संजय कुमार, सीओ दीपचन्द, बांसडीह कोतवाल राजेश सिंह, एसओ मंटू राम के साथ ही एसओजी की टीम पड़ताल में जुटी रही।

'