देर रात विश्वनाथ धाम पहुंचे CM योगी, करीब से देखा मंदिर चौक निर्माण का काम
गाजीपुर न्यूज़ टीम, वाराणसी. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार की देर रात पीएम मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट विश्वनाथ कॉरिडोर पहुंचे। उन्होंने बाबा विश्वनाथ का दर्शन करने के बाद कॉरिडोर में बन रहे मंदिर चौक के कार्य को करीब से देखा। अधिकारियों ने नक्शे के माध्यम से बताया कि यहां कुल 24 कार्य होने हैं। इसमें से 16 शुरू हो चुके हैं। अन्य कार्य बारिश के बाद शुरू हो जाएंगे।
दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचे सीएम योगी बीएचयू और सर्किट हाउस में अधिकारियों के साथ बैठक के बाद पहले काल भैरव मंदिर फिर काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने रात 10 बजे गेट नंबर 4 पांचों पंडवा से परिसर में प्रवेश किया। रानी भवानी उत्तरी गेट से प्रवेश करते हुए मंदिर के गर्भगृह तक गए। इस दौरान बाबा विश्वनाथ की श्रृंगार भोग आरती चल रही थी। इसमें सीएम योगी भी शामिल हुए। आरती के बाद मुख्यमंत्री मंदिर परिसर में चल रहे निर्माण कार्य देखने पहुंचे।
उन्होंने मंदिर की रानी भवानी उत्तरी गेट पर चल रहे पत्थरों के निर्माण के बारे में जानकारी ली। कमिश्नर दीपक अग्रवाल ने बताया कि मंदिर परिसर में नींव का कार्य पूरा कर लिया गया है। अब पत्थर का कार्य हो रहा है।
यहां से मुख्यमंत्री गंगेश्वर महादेव मंदिर होते हुए कॉरिडोर में बन रहे मंदिर चौक पर पहुंचे। यहां हो रहे निर्माण कार्य को देखा। वहां उन्होंने यात्रियों के आने जाने के मार्ग की चौड़ाई की जानकारी ली। यात्री सुविधा केंद्र, मुमुक्षु भवन, जलपान गृह सहित कई भवनों के निर्माण कार्य को मुख्यमंत्री ने धरातल पर जाकर देखा। उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्ता पूर्वक समय से कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने गोयनका छात्रावास से मां गंगा का दर्शन कर प्रणाम किया।
मुख्य कार्यपालक अधिकारी गौरांग राठी ने बताया कि पीएसपी कंपनी को मजदूरों की संख्या बढ़ाकर कार्य में और तेजी लाने के निर्देश दे दिए गए हैं। इसके साथ ही कोरोना महामारी को देखते हुए सभी कर्मचारियों और मजदूरों की साप्ताहिक कोरोना की जांच के अलावा सोशल डिस्टेंसिंग मास्क और थर्मल स्कैनिंग का कार्य भी नियमित रूप से कराया जा रहा है। राठी ने बताया कि श्री काशी विश्वनाथ धाम में कुल 24 निर्माण कार्य होने हैं इसमें से 16 निर्माण कार्यों चल रहे हैं, बाकी के कार्य बारिश के समाप्त होते ही शुरू हो जाएंगे और समय से कार्य पूर्ण करा लिया जाएगा।


