माफिया पर शिंकजा : शासन के निशाने पर मुख्तार अंसारी का आर्थिक साम्राज्य
गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर। चर्चित विधायक मुख्तार अंसारी व उसके गिरोह का आॢथक साम्राज्य शासन के निशाने पर है। मुख्तार अंसारी गिरोह (इंटर स्टेट-191) के सिंडिकेट को तोडऩे के लिए वाराणसी, मऊ, गाजीपुर, आजमगढ़, जौनपुर सहित अन्य जनपदों में ताबड़तोड़ कार्रवाई चल रही है। पुलिस ने 55 ऐसे लोगों को चिह्नित किया है, जो रसूख वाले हैं। पुलिस एक-एक कर नामचीनों पर शिकंजा कस रही है। 97 लोग पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं।
मऊ में नामी-बेनामी संपत्ति
विधायक के गुर्गा गाजीपुर निवासी गणेश दत्त मिश्रा आदि की कोपागंज के दयावन में लगभग 25 बीघा जमीन। रैनी में विधायक मुख्तार अंसारी की पत्नी अफसा अंसारी आदि द्वारा अनुसूचित जाति के लोगो की हड़पी गई भंडारण गृह की लगभग पांच बीघा जमीन। नगर के मॉडर्न स्कूल के पीछे ठाकुर जी की जमीन में गणेश दत्त मिश्रा आदि के नाम से लगभग डेढ़ बीघा जमीन पर कब्जा। कलेक्ट्रेट के सामने स्थित बुनकर कालोनी में विधायक के लगभग 70 लोगों द्वारा हड़पी गई जमीन। इन अवैध कब्जे को विधायक से मुक्त कराने की मांग जोर पकडऩे लगी है।
मुख्तार के गढ़ में भी अवैध संपत्तियों पर चले बुलडोजर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जीरो टालरेंस के तहत अपराध, अपराधियों व भू माफियाओं के खिलाफ जिस अभियान की शुरूआत की है, वह निरंतर जारी है। लखनऊ में विधायक मुख्तार अंसारी के भवनों को ध्वस्त किए जाने के बाद पूर्वांचल में भी ऐसी कार्रवाई की मांग जोर पकडऩे लगी है। मऊ में पूर्व सभासद व श्री गंगा तमसा सेवा समिति के महामंत्री छोटेलाल गांधी ने रैनी स्थित भंडारण गृह तथा नगर स्थित ठाकुरजी की भूमि पर मुख्तार अंसारी गिरोह द्वारा किए गए अवैध कब्जे को हटाने की मांग की है। हालांकि मुख्तार अंसारी व उसके गिरोह को पूर्वांचल में लगभग 66 करोड़ का झटका लग चुका है।
विधायक की पत्नी व गुर्गों के विरुद्ध है मुकदमा
विधायक मुख्तार अंसारी से संबंधित गणेश दत्त मिश्र अन्य द्वारा ठाकुरजी की भूमि को अवैध कब्जा करने तथा इसी प्रकार ग्राम रैनी मे भंडारण-गृह के नाम पर अनुसूचित जाति के व्यक्ति की भूमि को असलहे के बल पर अवैध कब्जा करने के विरुद्ध श्री गंगा तमसा सेवा समिति के महामंत्री पूर्व सभासद छोटेलाल गांधी ने लगातार संघर्ष किया। इसके बाद जिलाधिकारी ज्ञानप्रकाश त्रिपाठी ने ठाकुरजी की भूमि पर अवैध कब्जा करने वाले गणेश दत्त मिश्रा सहित 60 लोगों पर बीते छह जनवरी 2020 को मुकदमा दर्ज कराया। कूट-रचित तरीके से दर्ज नामों को भी निरस्त करा दिया गया। गरीब किसान की भूमि को अवैध कब्जा करने के विरुद्ध फिर से शिकायत जिलाधिकारी से किए जाने पर जिलाधिकारी ने 11 जुलाई 2020 को आतिफ रजा, विधायक की पत्नी अफसा अंसारी, जाकिर हुसैन व अन्य के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया। बावजूद इसके भूमि को मुक्त नहीं कराया गया।
विदेश में भी नेटवर्क
गिरोह का सिंडिकेट विदेश में भी काम कर रहा है। नेपाल व बैंकाक में गिरोह के होटल हैं जहां से जरायम व अवैध कारोबार की रणनीति बनाई जाती है। मुन्ना बजरंगी के मारे जाने के बाद मुख्तार गिरोह में अब भी कई शूटर हैं जो फरार चल रहे हैं। वाराणसी के एक लाख के इनामी बीकेडी उर्फ इंद्रदेव सिंह, विश्वास नेपाली, अजीम अहमद व मंसूर अंसारी ऐसे नाम हैं जिनकी पुलिस को तलाश है।
मुख्तार व उसके गिरोह के खिलाफ अब तक पूर्वांचल में हुई कार्रवाई
- 56 लोगों पर गैंगस्टर
- 12 गुर्गे जिला बदर
- 52 इनामी गिरफ्तार
- 21 अवैध शस्त्र लाइसेंस निरस्त
- 26 शस्त्र लाइसेंस निलंबित
- 76 लोगों पर गुंडा एक्ट
- 68 लाख का नगर पालिका का टेंडर निरस्त
- छह ठीकेदारों का चरित्र प्रमाण पत्र निरस्त
- गिरोह से जुड़ी 66 करोड़ की संपत्ति जब्त
- 68 लाख का नगर पालिका टैक्सी स्टैंड का टेंडर निरस्त
- गिरोह के मछली माफियाओं की 8.17 करोड़ की संपत्ति कुर्क
- कोयला माफिया के 6.5 करोड़ के भूखंड व शापिंग मॉल कुर्क
मऊ में मुख्तार गिरोह के अवैध स्लाटर हाउस पर चला बुलडोजर
मुख्तार अंसारी के आर्थिक ढांचे को नेस्तनाबूद करने का सिलसिला जारी है। शुक्रवार को शहर में उनके नजदीकी टाइगर द्वारा संचालित अवैध स्लाटर पर प्रशासन ने बुलडोजर चलवा कर गिरा दिया। यह स्लाटर हाउस पठान टोला में बंधा रोड पर ग्रीनलैंड में था। इसके संचालकों के विरुद्ध वर्ष 2019 में मुकदमा पंजीकृत किया गया था। इनमें से मुख्य आठ आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। उनके विरुद्ध धारा 14 (1) गैंगेस्टर एक्ट (संपत्ति जब्तीकरण) की कार्रवाई भी चल रही है। इस स्लाटर हाउस की कीमत लगभग 40 लाख रुपये थी। वहीं शनिवार को एक अन्य कब्जे वाले स्थान पर बने गोदाम पर भी बुलडोजर चला है।
