Today Breaking News

सपा नेता आजम खां के रिसॉर्ट में सरकारी 52 लाख रुपये से बनवाई थी टंकी, अब हुई घर की कुर्की

गाजीपुर न्यूज़ टीम, रामपुर. आजम खां के रिसॉर्ट में नगर पालिका के 52 लाख रुपये से पानी की टंकी बनवाने के मामले में फरार चल रहे पूर्व पालिकाध्यक्ष अजहर अहमद खां के घर की कुर्की कर ली गई। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में पुलिस ने घर का सामान भर लिया और थाने ले गई। अजहर खां करीब साल भर से फरार चल रहे हैं। उन पर तीन थानों में गंभीर धाराओं में 16 मुकदमे दर्ज हैं।
सपा सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे आजम खां ने हमसफर रिसॉर्ट बनाया था। रिसॉर्ट में नगर पालिका ने पानी की टंकी का निर्माण कराया गया था। इसमें 52 लाख रुपया खर्च किया गया था। तब आजम खां के करीबी अजहर अहमद खां नगर पालिका के चेयरमेन थे। करीब साल भर पहले इसकी शिकायत की गई थी। इसकी जांच के बाद शहर कोतवाली में सरकारी धन के दुरुपयोग की रिपोर्ट की गई थी। पुलिस उनकी तलाश कर रही थी, लेकिन वह हाथ नहीं लग रहे हैं।

अदालत के आदेश पर रविवार को पुलिस ने अजहर खां के घर की कुर्की कर ली। शहर के तीनों थानों का फोर्स उनके घर पहुंचा और सामान समेटना शुरू कर दिया। पुलिस ने सूची बनाकर सामान थाने में रखवा दिया। अजहर खां पर शहर कोतवाली गंज और सिविल लाइंस थाने में डकैती, मारपीट, लूटपाट, जानलेवा हमला करने और तोड़फोड़ के आरोप में 16 मुकदमे दर्ज हैं। गंज थाने की पुलिस को भी उनकी तलाश है। गंज पुलिस ने दो जून को मुनादी कराई थी। 

धर्मसिंह मार्छाल, सीओ मिलक ने बताया कि पूर्व पालिकाध्यक्ष अजहर अहमद खां के घर की कुर्की की गई है। अजहर अहमद खां पर कई थानों में 16 मुकदमे दर्ज हैं। वह फरार चल रहे हैं। अदालत के आदेश पर रविवार को कुर्की कर ली गई। 

 
 '