Today Breaking News

वियतनाम में उठा चक्रवाती तूफान, अगले दो दिन झमाझम बारिश के आसार

गाजीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ। वियतनाम के पास उठा चक्रवाती तूफान तीन और चार अगस्त को झमाझम बारिश करा सकता है। हवा सामान्य से तेज चलेंगी, जिससे तापमान चार से पांच डिग्री सेल्सियस नीचे आ जाएगा, बिजली गिरने की आशंका भी बन रही है। इसे लेकर चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है।

निम्न वायु दाब बनने से होगी बरसात
शहर में गर्मी और उमस के बीच शनिवार की शाम 30 मिलीमीटर से अधिक वर्षा होने से लोगों ने राहत महसूस की। रात में आसमान में बादल छाए रहे लेकिन सुबह सूरज ने दर्शन दिए तो गर्मी फिर प्रचंड हो गई। हुई है। मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन पांडेय ने बताया कि वियतनाम के पास के चक्रवात यहां हवा को प्रभावित कर रहा है। यह तूफान के रूप में थाईलैंड, म्यांमार के मैदानी क्षेत्रों से होता हुआ बंगाल की खाड़ी के उत्तर पूर्वी हिस्से में पहुंच जाएगा। यहां से मैदानी हिस्सों की ओर बढ़ते ही निम्न दबाव का क्षेत्र भी बन जाएगा। चक्रवाती तूफान और निम्न दवाब क्षेत्र बनने से देश के मध्य भाग और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में जमकर वर्षा होगी।

यूं रहा मौसम का हाल
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.2 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जोकि सामान्य से 0.4 डिग्री अधिक रहा। बारिश के चलते आद्रता अधिकतम 91 प्रतिशत दर्ज की गई। उत्तर पश्चिम दिशा में हवा की गति 2.6 किमी प्रति घंट दर्ज की गई है। इस सप्ताह मध्य उत्तर प्रदेश के क्षेत्र में आसमान में बादल छाए रहेंगे और आने वाले दो दिनों में गरज चमक के साथ वर्षा होने की संभावना है।
'