Today Breaking News

उत्तर प्रदेश में कोरोना की स्थिति अन्य राज्यों से अच्छी - CM योगी

गाजीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्तमान में उत्तर प्रदेश में कोविड-19 की स्थिति अन्य प्रदेशों से काफी अच्छी है। राज्य में पाजिटिविटी रेट सबसे कम और रिकवरी दर सर्वाधिक है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की ताकत संवाद है।  संवाद के माध्यम से बड़ी से बड़ी समस्या का समाधान सम्भव है। संवाद के माध्यम से संघर्ष को टाला जा सकता है। मीडिया संवाद का सशक्त माध्यम है।

मुख्यमंत्री ने यह बात शुक्रवार को  नवनिर्मित पं. दीन दयाल उपाध्याय सूचना परिसर का लोकार्पण करते हुए कही। उन्होंने  मीडिया कर्मियों को अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त डिजिटल प्लेटफार्म उपलब्ध कराने पर बल देते हुए कहा कि राज्य सरकार द्वारा प्रदेश के मीडिया कर्मियों को पांच लाख रुपये तक के उपचार के लिए स्वास्थ्य बीमा कराएगी।  कोविड-19 के संक्रमण से दुर्भाग्यवश निधन की स्थिति में दिवंगत मीडिया कर्मी के आश्रितों को 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराएगी। सीएम ने कहा कि सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग शासन व प्रशासन तथा आमजन के बीच में सेतु का कार्य करता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस नवनिर्मित भवन समेत राज्य के सभी भवनों  में 'एक जनपद, एक उत्पाद' योजना के उत्पादों को डिस्प्ले किया जाना चाहिए।


अब सिविल अस्पताल का विस्तार हो सकेगा

मुख्यमंत्री  ने कहा कि सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग को इस नवीन भवन के निर्माण के लिए भूमि निःशुल्क शिक्षा विभाग से प्राप्त हुई है। सूचना विभाग द्वारा भी अपना पुराना भवन डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी (सिविल) चिकित्सालय के विस्तार के लिए स्वास्थ्य विभाग को दिया जा रहा है। इससे सिविल अस्पताल का विस्तार हो सकेगा।  चिकित्सालय के विस्तार से  लखनऊ सहित प्रदेश वासियों को स्वास्थ्य की बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी। मुख्यमंत्री  ने कहा कि आखिरी पायदान के व्यक्ति के प्रति संवेदनशीलता से ही पं. दीन दयाल उपाध्याय के अन्त्योदय के स्वप्न साकार किये जा सकते हैं।


इन्सेफेलाइटिस पर प्रभावी नियंत्रण पूरी दुनिया के लिए एक सक्सेज स्टोरी

मुख्यमंत्री  ने कहा कि वर्ष 2014 में गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कालेज में 641 मृत्यु हुई, जबकि 2020 में अब तक केवल  7 मौत हुई है। वर्ष 2017 से इन्सेफेलाइटिस से होने वाली मौतों की संख्या में निरन्तर कमी होती गयी है। इन्सेफेलाइटिस पर प्रभावी नियंत्रण पूरी दुनिया के लिए एक सक्सेज स्टोरी है। आज पूर्वांचल सहित पूरे प्रदेश में इन्सेफेलाइटिस की बीमारी खात्मे की ओर है। मीडिया के लोगों को इस सक्सेज स्टोरी को दुनिया के सामने लाना चाहिए।


पुस्तक का विमोचन

मुख्यमंत्री  ने सूचना विभाग की पुस्तिका 'पं. दीन दयाल उपाध्याय सूचना परिसर' का विमोचन किया।  उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या ने कहा कि  दीन दयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद की संकल्पना को साकार करने का कार्य प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी  एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा किया जा रहा है। उप मुख्यमंत्री  दिनेश शर्मा ने कहा कि नवीन भवन राज्य सरकार की उपलब्धियों के प्रचार-प्रसार में उपयोगी सिद्ध होगा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने कहा कि केन्द्र व राज्य सरकारें आखिरी पायदान के लोगों के लिए छत, शौचालय, शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने का कार्य कर रही हैं।


अपर मुख्य सचिव सूचना अवनीश कुमार अवस्थी ने कहा कि सूचना तंत्र भी अन्तिम व्यक्ति तक सूचना पहुंचाने का कार्य करता है। सूचना विभाग मुख्यमंत्री के निर्देश के अनुरूप मीडिया के लिए अत्याधुनिक तकनीक से युक्त सुविधाएं उपलब्ध कराएगा। इस मौके पर मुख्य सचिव आर के तिवारी व  सूचना  निदेशक  शिशिर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

'