Today Breaking News

बीएचयू अस्पताल से लापता भाजपा नेता का शव गंगा नदी में मिला

गाजीपुर न्यूज़ टीम, वाराणसी. बीएचयू सर सुंदरलाल अस्पताल के अंकोलॉजी वार्ड से शुक्रवार सुबह से लापता भाजपा के नेता अजय कुमार मौर्य का शव कोतवाली क्षेत्र के गायघाट पर गंगा में उतराया मिला। आशंका है कि उन्होंने बीमारी से तंग आकर गंगा में कूदकर जान दे दी। एक सप्ताह पहले उन्हें परिजनों ने भर्ती कराया था। शुक्रवार सुबह आठ बजे के बाद नहीं दिखे तो परिजनों ने लंका थाने में गुमशुदगी की तहरीर भी दी थी। सुबह जब वह अस्पताल से लापता हुए, तब वहीं पर उनका एक बेटा भी था। 
मरीज के लापता होने की सूचना पर अस्पताल प्रशासन ने खोजबीन शुरू की। जब कुछ पता नहीं चला तब मरीज के बेटे राजकिशन मौर्य ने लंका थाने में तहरीर दी। शिवपुर के अजय मौर्य भाजपा किसान मोर्चा में पूर्व क्षेत्रीय उपाध्यक्ष रहे हैं। एक सप्ताह पूर्व इन्हें आंकोलॉजी वार्ड में भर्ती कराया गया था। उनकी पत्नी कुछ समय के लिए घर गई थीं। बेटा राजकिशन मौर्य वहां था। बेटे ने बताया कि पिताजी अचानक कहां चले गए, पता ही नहीं चल पाया। बीएचयू अस्पताल कैंपस में लगे सीसीटीवी की मदद से तलाश की गयी। 

शरीर पर चोट के निशान नहीं
कोतवाली सीओ प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि गंगा में शव बहते हुए आया था। शिनाख्त कर परिजनों को सूचना दी गई। आशंका है कि उन्होंने गंगा में कूदकर जान दे दी। उनके शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले हैं। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

होनी थी एक और सर्जरी
चिकित्सा अधीक्षक प्रो. एसके माथुर ने बताया कि मरीज की एक सर्जरी की जा चुकी थी और एक और शुक्रवार को ही सर्जरी होनी थी। मरीज के लापता होने की सूचना मिलते ही अस्पताल स्टाफ व परिजनों ने उन्हें ढूंढ़ने की कोशिश की। नहीं मिलने पर पुलिस को सूचित किया गया।
'