Today Breaking News

कुत्ता-बिल्ली पालने वालों को लेना होगा लाइसेंस, हफ्तेभर की मोहलत के बाद कार्रवाई

गाजीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ. बिना लाइसेंस पालतू जानवर (कुत्ता, बिल्ली आदि) पालने वालों के खिलाफ नगर निगम अगले सप्ताह से कार्रवाई शुरू करेगा। न सिर्फ जानवर जब्त किए जाएंगे बल्कि जुर्माना भी लगाया जाएगा। पंजीकरण के लिए नगर निगम ने एक सप्ताह का समय दिया है। इसके बाद पंजीकरण शुल्क के साथ जुर्माना भी देना पड़ेगा।
नगर निगम के आंकड़ों के मुताबिक लखनऊ शहर में लगभग छह से सात हजार लोग पालतू जानवर पाल रहे हैं। पिछले वर्ष पांच हजार से ज्यादा लोगों ने पंजीकरण कराया था। लेकिन मौजूदा समय में लगभग 2600 लोगों ने ही पंजीकरण कराया है। शेष बिना लाइसेंस के ही पाले जा रहे हैं। अब उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। मार्च से शुरू हुए पंजीकरण में नगर निगम ने कई बार लोगों को सूचित किया है लोग गंभीर नहीं हो रहे हैं। नगर निगम के संयुक्त निदेशक पशु कल्याण डॉ. अरविंद कुमार राव ने कहा कि इस संबंध में आदेश जारी कर दिया गया है।

सभी जोन में अभियान चलाया जाएगा। सुबह और शाम के समय अभियान पर जोर रहेगा। उस वक्त लोग टहलाने के लिए निकलते हैं। डॉ. राव ने कहा कि पालतू जानवरों को पालने के लिए हर वर्ष नया पंजीकरण कराना होता है। बड़ी ब्रीड के जानवरों का पांच सौ और छोटी ब्रीड के जानवरों का 300 रुपए शुल्क निर्धारित है। उन्होंने जानवरों को टहलाते वक्त मोबाइल पर पंजीकरण की फोटो जरूर रखने की सलाह दी है।
'