Today Breaking News

गाजीपुर: बड़ी बहन के निधन की सूचना पर छोटी बहन के भी प्राण पखेरू उड़े

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. मनिहारी स्थानीय ब्लाक के चौकड़ी गांव में बड़ी बहन के निधन की सूचना पर छोटी बहन को इतना गहरा सदमा लगा कि उसके भी प्राण पखेरू उड़ गए। दोनों की उम्र में 14 वर्ष का अंतर था। मात्र कुछ घंटे के अंतराल पर दोनों बहनों का निधन लोगों में चर्चा का विषय बना हुआ है। श्मशान घाट पर दोनों का एक साथ ही अंतिम संस्कार किया गया।
चौकड़ी गांव निवासी पत्रकार रमेश यादव की मां महाराजी देवी (72) का रविवार की सुबह निधन हो गया। वह कई दिनों से बीमार थीं। इधर, इसकी जानकारी महाराजी देवी की सगी छोटी बहन बिरनो ब्लाक के बंतरा गांव की बुच्ची देवी (58) को हुई तो उन्हें गहरा आघात लगा। वह रोते-रोते अचानक चुप हो गईं। इसके बाद अचेत हो गईं। आसपास के लोग उन्हें अस्पताल ले गए लेकिन चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। दोनों बहनें मिलनसार थीं और एक दूसरे के प्रति गहरा लगाव था। इधर, पत्रकारों ने जगह-जगह शोक सभा कर गतात्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। उनके अंतिम संस्कार में पूर्व विधायक विजय कुमार, संतोष यादव, जिला पंचायत सदस्य रमेश यादव, कमलेश यादव भानू, धीरेंद्र नाथ श्रीवास्तव, स्वराज अभियान के पुष्कर पाल, डा. अनिल ठाकुर आदि ने भी हिस्सा लिया।
'