Today Breaking News

मंगेतर से चोरी-छिपे मिलने गए युवक की फंदे से लटकती लाश मिली, भाई ने लगाया हत्‍या का आरोप

गाजीपुर न्यूज़ टीम, देवरिया. देवरिया के लार क्षेत्र में रिश्तेदारी में आए एक युवक का शव सोमवार की सुबह फंदे से लटकता मिला। परिजनों ने युवक की हत्या कर शव टांगने का आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। लड़का बिहार के सीवान जिले का रहने वाला था।
बिहार के सीवान जिले के मैरवा थाना क्षेत्र के धमऊर गांव के रहने वाला कन्हैया साहनी (22 ) पुत्र केदार साहनी सूरत में मजदूरी करता था । लॉकडाउन में वह वापस गांव आया था । 1 अक्टूबर को वह सूरत जाने वाला था। उसकी शादी गुठनी थाना क्षेत्र के एक गांव में तय हुई थी। 
उसकी होने वाली पत्नी अपने रिश्तेदार के घर लार थाना क्षेत्र के पिंडी आई हुई थी। उसी गांव में कन्हैया के फूफेरे भाई परमहंस पुत्र राम लखन साहनी का भी घर है। वह उनसे मिलने का बहाना लेकर पिण्डी गांव में रविवार की सुबह पहुंचा।  
रात में भोजन करने के बाद सभी लोग सोने चले गए। इस बीच लड़का अपनी होने वाली पत्नी से मुलाकात करने घर के उत्तर तरफ खंडहर में गया था। सोमवार की सुबह लोगों ने जंगले में दुपट्टे के सहारे लटके हुए उसका शव देखा। लड़के का पैर जमीन से सटा था। घटना की जानकारी मिलते ही लड़के के रिश्तेदार और परिजन मौके पर पहुंचे। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था। लड़के के फूफेरे भाई परमहंस साहनी ने कन्हैया की हत्या कर शव टांगने का आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
'