Today Breaking News

उत्तर प्रदेश में 24 घंटे में कोरोना के 1979 नए मामले मिले, 2465 लोग किए गए डिस्चार्ज

गाजीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ. कोरोना मरीजों की संख्या में लगातार उतार-चढ़ाव जारी है। यूपी में कोरोना मरीजों की संख्या में पिछले कुछ दिनों के मुकाबले गिरावट देखने को मिली है। रिकवरी रेट भी पहले से बेहतर हुआ है। अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि पिछले 24 घंटों में कोरोना के प्रदेश में एक हजार 979 नए मामले सामने आए हैं। उन्होंने बताया कि दो हजार 465 लोगों के ठीक होने के बाद उन्हें डिस्चार्ज भी किया जा चुका है। अपर मुख्य सचिव ने बताया कि लगातार 42 दिन बाद गुरुवार को एक्टिव केसों में गिरावट दर्ज की गई है। प्रदेश में रिकवरी का प्रतिशत बढ़कर 93.33 प्रतिशत तक हो गया है। अपर मुख्य सचिव अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि यह सब कोविड-19 की जांच बढ़ाने से संभव हुआ है। एक दिन पहले उत्तर प्रदेश में 1,38,027 सैंपल की जांच की गई थी। उन्होंने बताया कि अब तक कुल एक करोड़ 45 लाख 69 हजार 242 सैंपल की जांच की जा चुकी है। 

एक दिन पहले कोरोना के लखनऊ में मिले थे 294 मरीज संक्रमित

लखनऊ में बुधवार को 294 लोग कोरोना संक्रमण की चपेट में आए थे। तमाम कोशिशों के बावजूद कोरोना से मरने वालों की संख्या में कमी नहीं आ रही थी। करीब चार माह बाद मौत का आंकड़ा तीन से नीचे आया। दो मरीजों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। एक दिन पहले कोरोना वायरस को 255 मरीजों ने मात दी है। हालांकि ठीक होने वाले मरीजों की संख्या संक्रमितों से कम है। सीएमओ के प्रवक्ता योगेश रघुवंशी के मुताबिक 46394 लोग अब तक होम आइसोलेशन में रखे गए। इनमें 44299 मरीजों ने तय समय पूरा कर वायरस को हरा दिया। मौजूदा समय में 2095 सक्रिय मरीज हैं।


5809 लिए गए थे नमूने 

कोरोना वायरस के सम्बन्ध में सर्विलान्स एवं कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग के आधार पर टीमों ने 5809 लोगों के नमूने लिए गए थे। वहीं इंदिरा नगर में 21, गोमती नगर में 24, रायबरेली रोड पर 25, मड़ियांव में 14, आलमबाग मे 10,  हसनगंज में 10, चौक में 19, जानकीपुरम में 10, कैंट में 18, महानगर में 12 और आशियाना में 17 लोग पॉजिटिव पाए गए थे।

 
 '