Today Breaking News

मुख्तार अंसारी के करीबी हिस्ट्रीशीटर राजन सिंह की 60 लाख की संपित्त जब्त

गाजीपुर न्यूज़ टीम, मऊ. बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी के करीबी कोयला माफिया व आपराधिक गैंग आईआर 9 के सदस्य हिस्ट्रीशीटर राजेश उर्फ राजन सिंह की 60 लाख की सम्पत्ति रविवार को जब्त कर ली गई। पुलिस अधीक्षक घुले सुशील चंद्रभान ने बताया कि गैंगस्टर एक्ट के तहत अवैध तरीके से अर्जित की गई संपत्ति को जब्त किया गया है। राजन सिंह की अब तक 95 लाख से अधिक की संपत्ति जब्त की जा चुकी है।

उन्होंने बताया कि राजेश सिंह उर्फ राजन सिंह त्रिदेव कंस्ट्रक्शन कंपनी, त्रिदेव कोल डिपो, त्रिदेव ग्रुप का संचालन भाई उमेश सिंह के साथ मिलकर करता रहा है। इसके द्वारा मुख्तार अंसारी के गिरोह की आर्थिक रूप से मदद पिछले दो दशकों से की जाती रही है। मुख्तार अंसारी गिरोह के शातिरों का यह मुख्य शरणदाता भी रहा है। साथ ही वर्ष 2009 में हुये मन्ना सिंह हत्याकांड में गवाह राम सिंह मौर्य व उनकी सुरक्षा में लगे पुलिसकर्मी आरक्षी सतीश की हत्या में भी नामजद है।


इस हत्याकांड के सम्बंध में थाना दक्षिण टोला में मुकदमा पंजीकृत किया गया था, जिसमें वह मुख्तार अंसारी के साथ सह अभियुक्त बनाया गया था। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि वर्ष 2010 में गैंगस्टर एक्ट के तहत मुख्तार अंसारी, राजन सिंह व अन्य अभियुक्तों के खिलाफ मुकदमा किया गया था। जब्तीकरण की कार्रवाई के दौरान क्षेत्राधिकारी नगर नरेश कुमार, प्रभारी निरीक्षक सरायलखंसी, कोतवाली व दक्षिणटोला पुलिस रही। टीम ने राजन सिंह के ग्राम परदहां तहसील सदर में स्थित तीन मंजिला मकान को जब्त किया। कार्रवाई के दौरान पूरे दिन अफरा-तफरी मचा रहा। 


6.5 करोड़ की सम्पत्ति हो चुकी है जब्त 

अपराध व अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई कार्रवाई के दौरान हिस्ट्रीशीटर राजेश उर्फ राजन सिंह के अलावा उसके भाई उमेश सिंह की अब तक 6.5 करोड़ रुपए की सम्पत्ति को जब्त की जा चुकी है। एसपी का कहना है कि यह कार्रवाई जारी रहेगी। 

'