Today Breaking News

Ghazipur: संगठन की ताकत से ही होगा समाज का विकास - कुशवाहा महासभा

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. कासिमाबाद, कुशवाहा महासभा की बैठक गौतम बुद्ध पब्लिक स्कूल सोनबरसा कासिमाबाद में रविवार को हुई। इसमें समाज के उत्थान, विकास व त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव आदि मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया। पूर्व सांसद जगदीश सिंह कुशवाहा ने समाज के एकीकरण पर बल देते हुए कहा कि हमें भगवान बुद्ध के उस विचार को आत्मसात करने की जरूरत है जिसमें उन्होंने ज्ञान, धम्म तथा संघ अर्थात संगठन की बात कही थी। किसी भी समाज का विकास तभी हो सकता है जब उसके पास संगठन की ताकत होगी। 

उन्होंने आगे कहा कि हम कौन थे? क्या हो गए? तथा अब क्या होगा? इस पर विचार व चितन करने की जरूरत है। संगठन से संघर्ष तथा संघर्ष से बड़ी से बड़ी उपलब्धि प्राप्त की जा सकती है। मुख्य अतिथि पूर्व विधायक उत्तर प्रदेश कोआपरेटिव यूनियन के चेयरमैन उमाशंकर कुशवाहा ने कहा कि हमारे समाज का इतिहास गौरवशाली रहा है। हमने अपने परिश्रम, ईमानदारी व त्याग से बड़े से बड़ा मुकाम हासिल किया है, परंतु आज हमारे समाज के सामने पहचान का संकट है, और इसे एकजुट होकर ही दूर किया जा सकता है। वरिष्ठ नेता जनक कुशवाहा ने कहा कि समाज को मुख्यधारा में शामिल होने के लिए राजनीतिक रूप से शक्तिशाली बनना होगा।


समाजवादी पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष एवं पूर्व प्रत्याशी राजेश कुशवाहा ने कहां की जिस सामाजिक क्रांति का बीज 19वीं सदी में महात्मा फुले ने बोया था और जिनको डा. अंबेडकर भी अपना आदर्श मानते थे। उनके विचारों को आगे बढ़ाने की जरूरत है साथ ही आजीवन दलित पिछड़ों के अधिकार के लिए उनको संघर्ष की राह दिखाने वाले क्रांतिकारी नेता शहीद जगदेव प्रसाद के उस विचार को कि पहली पीढ़ी मारी जाएगी, दूसरी जेल जाएगी तथा तीसरी राज करेगी से सबक लेने की जरूरत है। उन्होंने नौजवानों का आह्वान करते हुए कहा कि इतिहास उन्हीं को याद रखता है जो इतिहास बनाने का काम करते हैं। 


आपका एक कदम और उत्साही सोच समाज में क्रांति पैदा कर सकती है। बैठक को पूर्व प्रमुख कासिमाबाद ओमप्रकाश अकेला, अलगू कुशवाहा जिला उपाध्यक्ष, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता सुधाकर कुशवाहा, राधेश्याम कुशवाहा, अनिरुद्ध कुशवाहा जिला उपाध्यक्ष, छोटे लाल मौर्या, दिनेश कुशवाहा ब्लाक अध्यक्ष, अनिल कुशवाहा, नन्हे कुशवाहा, अनुज कुशवाहा, दीपक संतोष, रामनिवास, रामजन्म, सुभाष, शिवनारायण, कमलेश, तारा, रणजीत, ग्राम प्रधान हरेंद्र कुशवाहा, प्रकाश, सुरेंद्र, अशोक फौजी, विनोद, मोहन, रामेश्वर, आनंद, अवधेश कुशवाहा तहसील अध्यक्ष मुहम्मदाबाद ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम के संयोजक प्रभुनाथ कुशवाहा ने समाज के प्रति अपना आभार व्यक्त किया तथा संचालन संयुक्त रूप से बद्री कुशवाहा तथा कुशवाहा महासभा के जिला महासचिव जयप्रकाश कुशवाहा ने किया।

 
 '