Today Breaking News

उत्तर प्रदेश के हर थाने पर होगा महिला हेल्प डेस्क, महिला सुरक्षा को बनाएं जनांदोलन : सीएम योगी

गाजीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि महिला सुरक्षा, गरिमा और सशक्तीकरण को 'जनांदोलन' बनाने की आवश्यकता है। मिशन शक्ति' इसका आधार बनेगी। उन्होंने कहा अभियान के पहले चरण में जागरूकता पर हमारा सर्वाधिक जोर होगा। शारदीय नवरात्र के नौ दिन नारी गरिमा और सशक्तीकरण थीम पर अलग-अलग अनेक कार्यक्रम आयोजित होंगे। मुख्यमंत्री ने रविवार को महिला और बालिकाओं की सुरक्षा और सम्मान के संबंध में प्रस्तुतिकरण के दौरान यह बात कही। उन्होंने कहा कि हमें नवरात्र का वास्तविक संदेश आत्मसात करना होगा। महिला  सुरक्षा व सम्मान को जनांदोलन बनाना  होगा।  सशक्त स्त्री, समृद्ध समाज का आधार है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश की एक-एक बालिका और महिला की सुरक्षा, गरिमा और सशक्तिकरण सुनिश्चित करने का संकल्प लेते हुए 'मिशन शक्ति' को सफल बनाने का निर्देश दिया है। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम को गांव से लेकर वार्ड तक ले जाना होगा। स्कूलों से औद्योगिक इकाइयों तक इस विषय पर जागरूकता बढ़ानी होगी। प्रदेश के हर थाने पर महिला हेल्प डेस्क की स्थापना की जाए। उन्होंने वीमेन पावर लाइन 1090 को अधिक प्रभावी बनाने के भी निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी काम मे बेहतर नतीजे के लिए टीम वर्क की सर्वाधिक महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इंसेफेलाइटिस के खिलाफ लड़ाई में सभी विभागों के समन्वय का नतीजा हमने देखा है, उसे मॉडल मान कर स्त्री सुरक्षा और सशक्तीकरण के लिए भी कार्य करना होगा। 


इस तरह होगा मिशन शक्ति का पहला चरण 

शारदीय नवरात्र से बासंतिक नवरात्र के राम नवमी तक चलने वाले इस विशेष अभियान में ग्राम पंचायत से लेकर औद्योगिक इकाइयों तक, स्कूल कैम्पस से लेकर सरकारी विभागों तक, दुर्गा पंडालों से लेकर रामलीला के मंच तक, हर जगह महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के भाव को बढ़ाने के लिए मिशन रूप में काम किया जाएगा। पुलिस विभाग के साथ-साथ बेसिक, उच्च, माध्यमिक, प्राविधिक शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास, एमएसएमई सहित 23 विभागों के साथ-साथ व्यापारी, चिकित्सक, उद्यमी सहित विभिन्न निजी व गैर सरकारी संस्थाएं इस महत्वपूर्ण अभियान में भागीदार होंगी। यही नहीं परिवहन विभाग के साथ-साथ ओला और उबर जैसी निजी परिवहन तंत्र भी इसमें प्रतिभाग करेंगे।

'